नवरात्र से पहले पुलिस का शिकंजा



36 थानों की कांबिंग गश्त, फरार बदमाश और वारंटी धराए

जबलपुर। नवरात्र की शुरुआत से पहले शहर और देहात में अमन-शांति कायम रखने के लिए पुलिस ने शनिवार की दरमियानी रात बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले के सभी 36 थानों की पुलिस ने रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक व्यापक कांबिंग गश्त चलाई।

इस गश्त में एएसपी, डीएसपी और सीएसपी स्तर के अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला और लगातार सुपरविजन किया। एसपी सम्पत उपाध्याय देर रात तक वारलेस सेट पर हालात पर नजर बनाए रहे। इस दौरान सैकड़ों पुलिसकर्मी शहर की गलियों से लेकर देहात के रास्तों तक सक्रिय नजर आए।

कांबिंग गश्त के दौरान—



105 स्थाई वारंट और 122 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।


कई शातिर और लंबे समय से फरार अपराधी गिरफ्तार किए गए।


2 बदमाशों को धारदार चाकू के साथ दबोचा गया।


जिला बदर अपराधियों के घरों में औचक निरीक्षण किया गया।

पुलिस ने रात में घूमने वाले वाहनों को रोककर बारीकी से जांच की। बाइक और कार चालकों से नाम, पता, मोबाइल नंबर और रात में बाहर होने का कारण रजिस्टर में दर्ज कराया गया।

एसपी सम्पत उपाध्याय ने बताया कि इस मुहिम का मकसद अपराधियों में पुलिस का खौफ कायम रखना और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना है। कांबिंग गश्त से यह साफ हो गया है कि नवरात्र जैसे बड़े पर्व पर पुलिस किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की गुंजाइश नहीं छोड़ेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar