इंद्रायणी नदी पर बना पुल टूटा: पुणे में बड़ा हादसा, 30 लोगों के बहने की आशंका, दो शव बरामद



पुल पहले से जर्जर, फिर भी आवाजाही जारी; लापरवाही पर उठे सवाल


पुणे, 15 जून। महाराष्ट्र के पुणे जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल अचानक टूट गया। हादसा उस वक्त हुआ जब बड़ी संख्या में पर्यटक पुल पर मौजूद थे। अनुमान है कि करीब 25 से 30 लोग नदी की तेज धारा में बह गए हैं। अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है।
दोपहर 3:40 बजे हुआ हादसा, चश्मदीदों में दहशत

यह घटना पुणे के मावल तालुका स्थित कुंडमाला क्षेत्र की है, जहां इंद्रायणी नदी पार करने के लिए बना पुल रविवार दोपहर लगभग 3:40 बजे अचानक ध्वस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुल का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया और उस पर मौजूद कई लोग सीधे नीचे पत्थरों और नदी की धारा में जा गिरे। कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई अब भी लापता हैं।
पर्यटकों की भारी भीड़, बच्चों और महिलाओं के भी डूबने की आशंका

रविवार का अवकाश होने के चलते मौके पर करीब 200 से ज्यादा पर्यटक मौजूद थे। कई लोग पुल पर खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे और कुछ बाइक लेकर भी पुल पर आ गए थे। बताया गया कि वहां एक मंदिर है, जहां दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी आए थे। हादसे के वक्त कई परिवार, बच्चे और बुजुर्ग भी घटनास्थल पर मौजूद थे।
प्रशासन को पहले से थी पुल की जर्जर हालत की जानकारी

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की हालत लंबे समय से खराब थी और कई बार इसकी शिकायत प्रशासन से की गई थी। पुल पर जंग लग चुका था और वजन सहने की क्षमता बेहद कम हो गई थी। बावजूद इसके, किसी प्रकार की मरम्मत या एहतियातन रोक नहीं लगाई गई। यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और अनदेखी का नतीजा माना जा रहा है।
रेस्क्यू में एनडीआरएफ और SDRF की टीमें जुटीं

पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत आने वाली तलेगांव दाभाड़े पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य में NDRF और SDRF की टीमें सक्रिय हैं। 22 एंबुलेंस, बचाव वैन, फायर टेंडर और नावों की मदद से नदी में डूबे लोगों की तलाश की जा रही है। शाम ढलने से पहले राहत कार्य में तेजी लाई जा रही है, ताकि अंधेरे में ऑपरेशन बाधित न हो।
बारिश से नदी में तेज बहाव, चुनौतीपूर्ण है बचाव कार्य

बीते कुछ दिनों से पुणे में लगातार बारिश हो रही है, जिससे इंद्रायणी नदी का जलस्तर और प्रवाह दोनों ही तेज हैं। ऐसे में राहत कार्य में खासी चुनौती आ रही है। साथ ही नदी की दिशा में बसे गांवों में भी अलर्ट जारी किया गया है, ताकि कोई बहकर आगे न पहुंचे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar