वर्दी में नशा, जुबान में ज़हर: सतना में ASI गणेश रावत का वीडियो वायरल, ट्रक चालक से गाली-गलौज, टीआई पर भी अभद्र टिप्पणी




सतना, मध्य प्रदेश | पुलिस पर सवाल फिर उठे हैं। कानून की रक्षा करने वाली वर्दी एक बार फिर विवादों में है। सतना जिले के कोलगवां थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) गणेश रावत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रावत ड्यूटी के दौरान नशे में झूमते हुए ट्रक चालक से गाली-गलौज करते साफ देखे जा सकते हैं। मामला शनिवार शाम का बताया जा रहा है, जो रविवार सुबह से जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एएसआई न केवल ट्रक ड्राइवर से अपशब्दों में बात कर रहे हैं, बल्कि वह अपने ही थाना प्रभारी (टीआई) को लेकर भी अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हैं। ड्राइवर के अनुसार, उसने जब गाड़ी रोकने की वजह पूछी और सभी दस्तावेज़ दिखाए, तो भी रावत बिफर गए और गालियों पर उतर आए।

मोबाइल में कैद हुआ पुलिसिया बर्ताव
इस पूरी घटना को ट्रक ड्राइवर ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में एएसआई रावत की लड़खड़ाती जुबान, लड़खड़ाता व्यवहार और बेहूदे संवाद साफ सुनाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।

पुराना है विवादों से नाता
एएसआई गणेश रावत पर इससे पहले भी ट्रक चालकों से कथित अवैध वसूली के आरोप लग चुके हैं, लेकिन सबूतों के अभाव में मामले ठंडे बस्ते में डाल दिए गए। इस बार मामला गंभीर इसलिए हो गया है क्योंकि अब जनता के सामने वीडियो सबूत मौजूद हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन के पास अब कार्रवाई से बचने का कोई विकल्प नहीं बचा है।

वर्दी की गरिमा पर दाग
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यशैली और आंतरिक अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्दी सिर्फ अधिकार का प्रतीक नहीं होती, वह जनता के भरोसे की ज़िम्मेदारी भी होती है। लेकिन जब कोई अधिकारी वर्दी पहनकर ही उसे कलंकित करता है, तो जनता का भरोसा डगमगाता है।




एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar