सड़क पर बहा प्यार का लहू: प्रेमिका के पति की निर्मम हत्या, सोशल मीडिया रोमांस का खौफनाक अंजाम

 




नागपुर। उपराजधानी में एक बार फिर प्रेम और विश्वास की नींव पर टिका रिश्ता खूनी खेल का शिकार बन गया। पांचपावली थाना क्षेत्र में रविवार रात एक विवाहित युवक की उसके ही घर में घुसे प्रेम त्रिकोण के चलते बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी ने मृतक की पत्नी से प्रेम संबंध होने की बात कबूली है।

हत्या इतनी क्रूरता से की गई कि राह चलते लोग भी सहम गए। मृतक शेरा सूर्यप्रकाश मलिक (32), नागपुर महानगरपालिका में स्वच्छता कर्मचारी था और ठक्करग्राम इलाके में रहता था। उस पर आरोपियों ने सड़क पर घेरकर 15 से 20 बार चाकू से हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। इस निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

अवैध संबंधों की परिणति बना खूनखराबा

पुलिस जांच में सामने आया है कि शेरा की पत्नी ‘माही’ (बदला हुआ नाम) सोशल मीडिया पर रील्स बनाने की शौकीन थी। इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान गीतेश उर्फ रजत उके (33), एक वाटर प्यूरिफायर टेक्नीशियन से हुई। ऑनलाइन शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गई और दोनों के बीच दो वर्षों से अवैध संबंध चल रहे थे।

रजत भी विवाहित है और एक छह वर्षीय बच्ची का पिता है। बावजूद इसके, वह अक्सर शेरा की गैरमौजूदगी में माही से मिलने उसके घर पहुंच जाता था। जब यह संबंध शेरा को भनक लगी, तो उसने पत्नी पर निगरानी बढ़ा दी और कई बार मारपीट भी की। माही अपने पति की हरकतें रजत को बताती थी, जिससे रजत के भीतर प्रतिशोध की भावना गहराती चली गई।

पूर्व नियोजित थी हत्या, साथी ने दिया साथ

20 अप्रैल की रात शेरा अपनी सास को दवाएं दिलाकर लौट रहा था, तभी रजत ने अपने मित्र भोजराज मोरेश्वर कुंभारे (32) के साथ मिलकर रास्ते में उसे घेर लिया। दोनों ने मिलकर शेरा पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया। शेरा खून से लथपथ वहीं गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चंद घंटों में गिरफ्त में हत्यारे

घटना की सूचना मिलते ही पांचपावली पुलिस हरकत में आई और तकनीकी जांच व मुखबिर की सूचना के आधार पर कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। दोनों से पूछताछ में प्रेम संबंध और हत्या की योजना की पुष्टि हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar