हाईवा पलटने से तीन लग्जरी कारें क्षतिग्रस्त, चालक फरार, रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं मिला

 निर्माणाधीन साइट पर डस्ट उतारते समय पलटा हाईवा, तीन लग्जरी कारें चकनाचूर

जबलपुर में देर रात बड़ा हादसा, चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस जांच में जुटी

जबलपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सवित्री विहार और समीक्षा टाउन इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निर्माणाधीन साइट पर डस्ट लेकर पहुंचा एक हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी लग्जरी कारों पर पलट गया। देर रात हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था।

हादसे में तीन लग्जरी कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कारों पर पलटे हाईवा को हटवाया गया। पुलिस अब वाहन के मालिक और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

 रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं, जांच में नया मोड़

पुलिस के अनुसार हाईवा पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं मिला है। आशंका जताई जा रही है कि वाहन के चैचिस नंबर से भी छेड़छाड़ की गई हो सकती है। पुलिस तकनीकी माध्यमों से वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

समीक्षा टाउन निवासी पंकज शर्मा ने बताया कि निर्माणाधीन साइट पर डस्ट उतारते समय हाईवा अचानक संतुलन खो बैठा और पास में खड़ी कारों पर पलट गया। हादसे के समय क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

 रहवासियों ने उठाए गंभीर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे क्षेत्र में बाहरी लोगों की गाड़ियां लंबे समय से अवैध रूप से पार्क की जा रही हैं। रात के समय कई वाहनों में शराबखोरी की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी की सड़कों पर अवैध पार्किंग आम बात हो गई है। कई वाहन महीनों से एक ही स्थान पर खड़े हैं। वहीं रातभर ओवरलोड हाईवा का आवागमन जारी रहता है, जिसके कारण सड़कें और नालियां भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं।

📰 सच की दुनिया | Jabalpur News Update

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar