होमगार्ड कार्यालय में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, हवलदार रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

 



छतरपुर में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड कार्यालय के हवलदार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। सागर लोकायुक्त टीम ने मंगलवार दोपहर छापा मारते हुए हवलदार सुरेंद्र राय को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। यह रिश्वत आधार सेवा केंद्र के संचालक से अवैध रूप से वसूली जा रही थी।

आधार सेवा केंद्र के संचालक से मांगी थी घूस

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, आरोपी हवलदार सुरेंद्र राय होमगार्ड कार्यालय परिसर में स्थित शासकीय आधार सेवा केंद्र के संचालक मनीष तिवारी से किराए के नाम पर अवैध वसूली कर रहा था। शिकायतकर्ता मनीष तिवारी पिछले दो वर्षों से आधार केंद्र का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुरेंद्र राय पहले भी उनसे रिश्वत लेता आ रहा था, लेकिन हाल ही में उसने रकम बढ़ा दी थी। हवलदार ने कुल 6,000 रुपये की मांग की थी, जिसमें से 1,000 रुपये वह पहले ही वसूल चुका था।

लोकायुक्त टीम ने बिछाया जाल, रिश्वत लेते पकड़ा

मामले की शिकायत मिलने पर सागर लोकायुक्त निरीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में 9 सदस्यीय टीम ने छतरपुर स्थित होमगार्ड कार्यालय में जाल बिछाया। योजना के तहत जब शिकायतकर्ता ने हवलदार को 5,000 रुपये सौंपे, तो लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

प्रशासन में मचा हड़कंप, कानूनी कार्रवाई जारी

रिश्वतखोरी का मामला उजागर होते ही छतरपुर होमगार्ड कार्यालय में हड़कंप मच गया। आरोपी हवलदार सुरेंद्र राय के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar