जबलपुर के गढ़ा क्षेत्र में साइबर अपराध का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। यहां एक शातिर साइबर अपराधी ने न तो ओटीपी मांगी, न ही कोई पर्सनल जानकारी, बल्कि सिर्फ एक कॉल के जरिए ठगी को अंजाम दिया।
पीड़ित के अनुसार, अपराधी ने फोन कॉल कर उनकी सिम को ई-सिम में बदल दिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए गए। यह घटना दर्शाती है कि साइबर अपराधी अब पहले से ज्यादा चालाक और तकनीकी रूप से सक्षम हो गए हैं।
पुलिस ने बताया कि नारायग नगर गार्डन के समीप निवासी 42 वर्षीय नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी का पंजाब नेशनल बैंक जवाहरगंज शाखा में खाता है, जिसमें उनका मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है। गत 9 जून 2024 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। जिसने खुद को एयरटेल कंपनी का बताते हुए कहा कि आपके क्षेत्र में 5 जी नेटवर्क चालू हो गया है, उसके कुछ देर बाद मोबाइल का नेटवर्क चला गया और उसकी सिम ने काम करना बंद कर दिया। 11 जून को जब पीड़ित ने अपना खाता चेक किया तो खाते से यूपीआई द्वारा 95 हजार व चार हजार 999 रुपये ट्रांजैक्शन किया गया था। इसके बाद पीड़ित को पता चला कि उसके साथ सायबर फ्रॉड हुआ है। उसने कस्टमर केयर में फोन कर अपना खाता ब्लॉक कराया। इसके बाद जब उसने एयरटेल ऑफिस जाकर पतासाजी की तो उसे बताया गया कि उनकी सिम को ई-सिम में तब्दील कर सायबर धोखाधड़ी कर यूपीआई द्वारा एक लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।Jabalpur News: सिम को ई-सिम में तब्दील कर खाते से उड़ाए एक लाख, न ओटीपी का पता चला, न बैंक के मैसेज का
