उड़िया मोहल्ला में बुजुर्ग की निर्मम हत्या, क्षेत्र में फैली सनसनी


जबलपुर।ओमती थाना क्षेत्र के उड़िया मोहल्ला में गुरुवार रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। 58 वर्षीय संपत यादव की सिर पर भारी सीमेंट का पत्थर पटककर हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात पुराने और बंद पड़े वेयरहाउस में हुई, जहां उनकी रक्तरंजित लाश शुक्रवार सुबह बरामद हुई। सूचना मिलते ही ओमती थाना प्रभारी बल सहित एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाते हुए जांच शुरू कर दी है।


घटना की जानकारी

ओमती पुलिस के मुताबिक, संपत यादव रोजाना अपने घर के पास स्थित वेयरहाउस में बने कमरे में सोने जाते थे। गुरुवार रात भी वे वहां सोने गए थे। सुबह उनका शव वेयरहाउस के दरवाजे के पास पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावरों ने उनके सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की। घटना देर रात की प्रतीत हो रही है। पुलिस ने बताया कि वेयरहाउस के आसपास का इलाका असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है।


सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि हत्या की रात वेयरहाउस के पास किसी का जन्मदिन मनाया गया था। घटनास्थल पर केक के टुकड़े और अन्य सामग्री बिखरी हुई मिली है। वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।


वेयरहाउस असामाजिक गतिविधियों का गढ़

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वेयरहाउस पीडब्ल्यूडी के अधीन है और कई सालों से बंद पड़ा है। यहां अक्सर नशेड़ी और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। वेयरहाउस को बारातघर में बदलने की योजना थी, लेकिन यह कभी साकार नहीं हो सकी। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस से इस स्थान को खाली करवाने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।


पुलिस की जांच जारी

एएसपी आनंद कलादगी ने बताया कि इस हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं। एफएसएल टीम के साथ मौके पर साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है, जिसमें संपत यादव के पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंधों की पड़ताल भी शामिल है।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar