terrorists ambushed Assam Rifles in Manipur: मणिपुर में बड़े आतंकी हमले की खबर आ रही है. खुद मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मणिपुर में हमले में असम राइफल्स के कमांडेंट व अन्य की मौत हुई है. मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा, “46 AR के काफिले पर कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें आज चुराचांदपू में सीओ और उनके परिवार सहित कुछ कर्मियों की मौत हो गई. राज्य के बल और अर्धसैनिक बल पहले से ही उग्रवादियों को पकड़ने के लिए काम कर रहे हैं. अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा.”
बता दें कि राज्य के चुराचांदपुर जिले के सिनघाट सब-डिवीजन में असम राइफल्स (सीओ) यूनिट के एक कमांडिंग ऑफिसर के काफिले पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया. परिवार के अलावा कमांडिंग ऑफिसर के साथ में त्वरित प्रतिक्रिया दल भी था. खबरों की मानें तो मणिपुर में शनिवार को सेना के काफिले पर आतंकवादियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में कम से कम सात लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं. मृतकों में चार जवान, कमांडिंग ऑफिसर, उनका बेटा और उनकी पत्नी शामिल हैं. घटना में घायल हुए तीन अन्य लोगों को बेहियांग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है.
पुलिस ने कहा कि यह घटना सेहकेन गांव के पास हुई जब भारी हथियारों से लैस उग्रवादियों ने असम राइफल्स के कर्नल के काफिले पर गोलीबारी की, जिसमें उनकी, उनकी पत्नी, उनके बेटे और त्वरित प्रतिक्रिया दल के तीन जवानों की मौके पर ही मौत हो गई. सूत्रों के अनुसार, कर्नल के वाहन के चालक को भी गोली मार दी गई, जिससे मरने वालों की कुल संख्या सात हो गई है. आतंकवादियों ने काफिले पर हमला उस समय किया जब असम राइफल्स की 46वीं बटालियन के कर्नल म्यांमार की सीमा से लगे चुराचांदपुर में एक नागरिक कार्रवाई कार्यक्रम की निगरानी करने जा रहे थे.