कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने आज शनिवार को संपन्न हुई राजस्व अधिकारियों की बैठक में भू-माफिया, खनन माफिया, खाद्य पदार्थो में मिलावट करने वालों, नशे के कारोबारियों और फर्जी चिटफण्ड कम्पनियों के विरूद्ध की जा रही कार्यवाही में और सख्ती बरतने के निर्देश दिये हैं। श्री शर्मा ने कहा कि माफिया चाहे जितना भी रसूखदार क्यों न हो उसके विरूद्ध बिना किसी दबाव के कार्यवाही की जाये। न केवल उसके अवैध कारोबार को नेस्तनाबूत किया जाये बल्कि अवैध और आपराधिक गतिविधियों से उसके द्वारा अर्जित संपत्तियों को भी नष्ट किया जाये।
कलेक्टर ने बैठक में माफिया के खिलाफ अभी तक की गई कार्यवाही के लिये राजस्व अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि माफिया के विरूद्ध कार्यवाही ऐसी होनी चाहिये जिससे माफिया और अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों में खौफ पैदा हो तथा आम जनता में भी अच्छा संदेश जाये।
कलेक्टर ने माफिया के विरूद्ध कार्यवाही में उनकी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने एफआईआर दर्ज कराने तथा आवश्यकता महसूस होने पर एन.एस.ए. की कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश भी बैठक में दिये। उन्होंने भू-माफिया के साथ-साथ खनन माफिया, खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले, आम जनता की गाढ़ी कमाई लूटने वाली फर्जी चिटफण्ड कंपनियों एवं नशे के कारोबारियों के विरूद्ध भी सघन कार्यवाही के निर्देश दिये है। श्री शर्मा ने कहा कि शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी भू-माफिया एवं अन्य सभी प्रकार के माफिया के विरूद्ध कार्यवाही प्रारंभ की जाये। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारियों को माफिया के विरूद्ध कार्यवाही के लिये अपने सूचना तंत्र को और मजबूत बनाना होगा।
कलेक्टर ने बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत शेष पात्र किसान परिवारों के सत्यापन का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लेने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता में शामिल इन योजनाओं में बिलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जायेगा। श्री शर्मा ने राजस्व अधिकारियों को सी.एम. हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में भी तत्परता बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारियों को सी.एम. हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ ही निराकरण करना होगा। श्री शर्मा ने सौ दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुये ऐसे प्रकरणों में राजस्व अधिकारी को खुद शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क करना होगा तथा उनकी समस्या को समझकर उनका समाधान करना होगा।
कलेक्टर ने बैठक में राजस्व न्यायालयों में भी सौ दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिये। उन्होंने भू-अर्जन के प्रकरणों में मुआवजा वितरण की कार्यवाही में भी गति लाने की आवश्यकता बताते हुये कहा कि यदि इसमें कहीं रूकावट आ रही है तो उसे दूर करने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत अवगत कराया जाये।
कलेक्टर ने नांमान्तरण, सीमांकन और बंटवारा के प्रकरणों का समय सीमा में निराकृत करने के साथ-साथ राजस्व वसूली में भी गति लाने हिदायत भी बैठक में दी। उन्होंने कहा कि रेरा के प्रकरणों में भी बिल्डरों से वसूली की कार्यवाही में सख्ती बरती जाये।
बैठक मे अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित, संदीप जीआर, राजेश बाथम एवं व्ही.पी. द्विवेदी, सभी अनुविभागीय दण्डाधकारी एवं तहसीलदार, नायब तहसीलदार मौजूद रहे।
Tags
corona helpline jabalpur
Jabalpur
Jabalpur City
jabalpur latest news
jabalpur latest samachar
jabalpur news in hindi
jabalpur-police
pro jabalpur