देश में एक्टिव मरीजों की संख्या से एक लाख ज्यादा मरीज हुए ठीक, रिकवरी रेट 58.56 फीसदी

नई दिल्ली: देश में एक्टिव मरीजों की संख्या से अबतक एक लाख ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 5 लाख 28 हजार 859 हो गए हैं और मृतकों की संख्या 16 हजार 95 पर पहुंच गई है। मंत्रालय ने बताया कि स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या इलाजरत मरीजों की तुलना में एक लाख 6 हजार 661 तक ज्यादा हो गई है।
देश में कोरोना मरीजों में स्वस्थ होने की दर 58.56 फीसदी
अभी तक कोरोना वायरस के तीन लाख 9 हजार 712 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिनमें से 13 हजार 832 मरीज पिछले 24 घंटों में स्वस्थ हुए हैं। देश में कोरोना मरीजों में स्वस्थ होने की दर 58.56 फीसदी है। कोरोना की रोकथाम और प्रबंधन के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ ही भारत सरकार की तरफ से उठाए गए सक्रिय कदमों के प्रेरणादायक नतीजे मिल रहे हैं।
अब भी दो लाख तीन हजार 51 संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा हैं और सभी चिकित्सा निगरानी में हैं। भारत में अब कोरोना की जांच के लिए 1,036 प्रयोगशालाएं हैं। इनमें से 749 सरकारी और 287 निजी प्रयोगशालाएं हैं। बयान में कहा गया है, ‘‘रोज 2,00,000 से अधिक नमूनों की जांच की जा रही है। पिछले 24 घंटों में 2,31,095 नमूनों की जांच की गई। अभी तक 82,27,802 नमूनों की जांच की जा चुकी है।’’

1055 अस्पतालों में एक लाख 77 हजार 529 पृथक बिस्तर लगाए गए
इसमें कहा गया है कि 28 जून तक कोविड संबंधित स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा मजबूत किए जाने के तहत 1,055 कोविड अस्पतालों में क लाख 77 हजार 529 पृथक बिस्तर लगाए गए, 23,168 आईसीयू बिस्तर और 78,060 ऑक्सीजन सुविधा वाले बिस्तर लगाए गए।’’  मंत्रालय ने बताया कि 2,400 कोविड स्वास्थ्य केंद्रों में 1,40,099 पृथक बिस्तर, 11,508 आईसीयू बिस्तर और 51,371 ऑक्सीजन युक्त बिस्तर उपलब्ध हैं। इसके अलावा 9,519 कोविड देखभाल केंद्रों में देश में इस महामारी से लड़ने के लिए अभी 8,34,128 बिस्तर उपलब्ध हैं।
केंद्र ने राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय संस्थानों को एक करोड़ 87 लाख से ज्यादा एन-95 मास्क और एक करोड़ 16 लाख से ज्यादा निजी सुरक्षा उपकरण (पीपीई) भी मुहैया कराए हैं।
और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar