पेंट शॉप में लगी आग में फंसे दो परिवार, 4 मासूमों समेत 7 लोगों की जान गई

ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में सोमवार को सुबह एक पेंट की दुकान में आग लग गई, जिसमें दो परिवार बुरी तरह से फंस गए. इसमें भयावह हादसे में 4 बच्‍चों, 3 महिलाओं समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई. दमकल कर्मियों ने आग पर करीब दो घंटे बाद काबू पाया गया. राहत कार्य जारी है. कुछ लोगों को सुरक्षित भी निकाला गया है. 
जानकारी के मुताबिक, ग्‍वालियर के रोशनीघर मार्ग पर स्थित एक पेंट की दुकान और उससे लगे मकानों में सोमवार सुबह आग लग गई. घटना में वहां रह रहे दो परिवारों के चार बच्चों और तीन महिलाओं सहित सात लोगों की मौत हो गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शहर के इंदरगंज इलाके में रोशनीघर मार्ग पर रंगवाला नाम से पेंट की दुकान है. सोमवार सुबह करीब 10 बजे इस दुकान में आग लग गई. लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दुकान और उसके ऊपर व साथ में लगे मकान में आग फैल गई. दुकान में पेंट और ज्वलनशील पदार्थ भरा था, जिसके कारण यह आग तेजी से फैली.
तोमर ने बताया कि मकान की पहली मंजिल पर घर के पुरुष थे और दूसरी मंजिल पर महिलाएं और बच्चे थे. आग तेजी से फैली, जिसके कारण दूसरी मंजिल पर बच्चे और महिलाएं फंसे रह गए. उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों का अमला आग बुझाने आया, लेकिन तेजी से फैलती आग के कारण तीन महिलाएं और चार बच्चे बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौत हो गई.
एएसपी ने बताया कि दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और वहां राहत कार्य जारी है. दमकल व पुलिस के कर्मी पीछे से मकान में घुसने की कोशिश कर रहे हैं. इसके लिए जेसीबी की मदद ली जा रही है. दो बच्चों सहित कुछ महिलाओं को जली हुई अवस्था में बाहर निकाला गया है. उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.
अभी मृतकों के नाम पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हुए हैं. जिन मकानों में आग लगी है, उसमें कुल 16 लोग थे, जिसमें से चार बच्चे, छह महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं. इसमें से चार बच्चों और तीन महिलाओं की मौत हुई है. एएसपी ने बताया कि आग कैसे लगी, इसका भी पता लगाया जा रहा है.
और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar