छत्तीसगढ़ के नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी को बड़ी सफलता मिली है. कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी का सूपड़ा साफ करते हुए सभी 8 सीटों पर जीत हासिल की है. राज्य में कुल 10 नगर निगम हैं, इनमें से आठ के लिए महापौर पद का चुनाव हुआ था. इन सभी में कांग्रेस पार्टी ने बंपर जीत हासिल की है. अभी दो नगर निगम का चुनाव होना बाकी है.
जहां एक तरफ कांग्रेस इस जीत से उत्साहित है, दूसरी तरफ भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया और प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया है. बता दें कि राज्य में इस बार महापौर और नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्षों के चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से हो रहे हैं. मतलब कि इन्हें पार्षदों द्वारा चुना जा रहा है. पहले महापौर के चुनाव आम मतदाता के द्वारा होता था.
राज्य के 151 नगरीय निकायों में 2840 पार्षदों के चुनाव हुए. इसमें से कांग्रेस पार्टी ने 1283 सीट, भाजपा ने 1131 सीटों पर जीत हासिल की, निर्दलीय भी 364 स्थानों पर जीते. छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगम हैं. बिलासपुर, जगदलपुर, राजनांदगांव, रायपुर, दुर्ग, धमतरी, चिरमिरी और रायगढ़ नगर निगमों में महापौर और सभापतियों के चुनाव हो चुके हैं. इन आठों जगह के महापौर कांग्रेस पार्टी से जीते हैं.
राज्य में अब सिर्फ कोरबा और अंबिकापुर नगर निगम के चुनाव बचे हैं. अधिकांश नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी से जीतकर आए हैं. पांच नगर निगमों के महापौर का चुनाव सोमवार को हुआ था. पिछले साल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की थी. कांग्रेस पार्टी ने डेढ़ दशक बाद राज्य की सत्ता पर कब्जा किया था.
