मण्डला में राहत रोटरी मेगा स्वास्थ्य शिविर 7 से 14 नवम्बर तक

राज्य शासन और रोटरी के संयुक्त तत्वावधान में मण्डला में 7 से 14 नवम्बर तक राहत मेडिकल मिशन -2 अंतर्गत आयोजित राहत रोटरी मेगा स्वास्थ्य शिविर में देश के प्रसिद्ध चिकित्सक, जबलपुर के प्रसिद्ध चिकित्सक सर्जरी द्वारा मरीजों का नि:शुल्क इलाज करेंगे। मण्डला शिविर के साथ संभाग के अन्य जिलों में भी इस दौरान शासकीय और निजी चिकित्सालयों में सर्जरी द्वारा चिन्हित मरीजों का इलाज किया जाएगा।
यह बात संसद सदस्य विवेक कृष्ण तन्खा ने राहत रोटरी मेगा स्वास्थ्य शिविर के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक में कही। बैठक में वित्त मंत्री तरूण भनोत, सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री लखन घनघोरिया, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पल्लवी गोविल जैन, संभागायुक्त राजेश बहुगुणा, आयुक्त स्वास्थ्य नितेश व्यास, जबलपुर कलेक्टर भरत यादव सहित संभाग के जिलों के कलेक्टर्स, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारीगण, सिविल सर्जन तथा अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी नगर के प्रसिद्ध विशेषज्ञ चिकित्सक, डीन मेडिकल कालेज, रोटरी के पदाधिकारी मौजूद थे।
संसद सदस्य  तन्खा ने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर में आने वाले मरीजों का मण्डला शिविर के साथ जबलपुर के शासकीय तथा निजी चिकित्सालयों में सर्जरी द्वारा इलाज होगा। संभागायुक्त  बहुगुणा ने कहा कि अधिक क्रिटिकल मरीजों की सर्जरी मेडिकल कालेज चिकित्सालय जबलपुर में होगी। शिविर में अवधि के सात दिनों के बाद भी अगले तीन महीनों तक लगातार यह प्रक्रिया जारी रहेगी ताकि शिविर में पंजीबद्ध सभी मरीजों को शिविर का लाभ मिले।
मण्डला जिला के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री तरूण भनोत ने निर्देश दिए कि मण्डला सहित संभाग के जिलों के कलेक्टर्स दवा व्यवसायियों से चर्चा करें ताकि शिविर में पंजीबद्ध मरीजों के लिए आवश्यक दवाओं के लिए सहयोग लिया जा सके। इसी तरह निजी चिकित्सालयों का सहयोग भी प्राप्त किया जाए। वित्त मंत्री ने आंख के इलाज के बाद उन्हें त्वरित रूप से चश्मा उपलब्ध कराने के लिए चर्चा की। बैठक में बच्चों, बुजुर्गों के आंख और कान के जटिल आपरेशन के लिए देश के प्रसिद्ध विशेषज्ञ सर्जन की सेवाएं लेने तथा आवश्यकता होने पर दिल्ली ले जाकर इलाज कराने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में मेगा स्वास्थ्य शिविर में आपरेशन थियेटर से सर्जरी की जरूरतों, उपकरण, दवाओं तथा सर्जरी बाद स्वास्थ्य केयर की जरूरत की पूर्ति पर चर्चा हुई तथा निर्देश दिए गए। चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ को मण्डला शिविर में लाने ले जाने, ठहरने, भोजन आदि इंतजाम बेहतर रखने के निर्देश दिए गए।
नि:शक्तजन कल्याण मंत्री  घनघोरिया ने दिव्यांग जनों का दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने तथा उन्हें कृत्रिम उपकरण प्रदाय करने के निर्देश दिए । वितत मंत्री भनोत ने कहा कि मण्डला के जिला चिकित्सालय को सर्व-सुविधायुक्त हास्पिटल बनाया जाए। इस कार्य के लिए जरूरी राशि राज्य सरकार प्रदान करेगी।
बैठक में बताया गया कि मण्डला जिले के पड़ोसी जिले डिण्डोरी, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, छत्तीसगढ राज्य के कवर्धा जिले के अलावा अन्य स्थानों से भी मरीज उपचार के लिए आएंगे। उनके समुचित इलाज के लिए आसपास के जिलों में उप स्वास्थ्य शिविर बना कर सर्जरी द्वारा इलाज करने पर चर्चा हुई।
बैठक में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पल्लवी गोविल जैन ने कहा कि मण्डला, जबलपुर सहित संभाग के जिलों के चिकित्सालयों की ओटी सर्जरी के लिए तैयार कर ली जाए। उन्हें वैक्टिरिया मुक्त रखा जाना सुनिश्चित करें । चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी आर्डर जारी किए जाएं। बैठक में पैथालाजी जांच के लिए मशीनें एवं रासायनिक रिएजेंट की आपूर्ति पर चर्चा हुई।
संभागायुक्त बहुगुणा ने निर्देश दिए कि सभी सीएमएचओ अगले तीन दिन में अपने जिलों के आपरेशन थियेटर की जांच कर रिपोर्ट दें। अतिरिक्त अमले की आवश्यकता बताएं। कलेक्टर निजी चिकित्सालयों के संचालकों के साथ बैठक कर लें। मरीजों को स्वास्थ्य जांच के आधार पर सर्जरी के लिए वर्गीकृत कर लें। जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी जाए। किस स्थान के मरीज की किस बीमारी के लिए कहां सर्जरी होना है चिन्हित कर लें। बैठक में डॉ राजेश धीरावाणी, डॉ पवन स्थापक आदि चिकित्सकों ने रोटरी तथा निजी चिकित्सालयों की तैयारियों की जानकारी दी। डीन मेडिकल कालेज, संचालक स्टाफ भी बैठक में मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar