जबलपुर: विश्व तीरंदाजी युवा चैम्पियनशिप स्वर्ण पदक प्राप्त खिलाड़ी रागिनी मार्को का सम्मान

जनजातीय कार्य मंत्री ओमकार सिंह मरकाम ने स्पेन के मेड्रिड में संपन्न विश्व तीरंदाजी युवा चैम्पियनशिप 2019 में मिक्स टीम तीरंदाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्त कर देश को गौरवान्वित करने वाली  रागिनी मार्को को सम्मानित किया। उन्होंने सम्मान स्वरूप आदिम जाति कल्याण विभाग की ओर से सोने की चेन भेंट की। इसके साथ ही पुष्पगुच्छ और कापी पेन देकर भी सम्मानित किया।
मंत्री ओमकार सिंह मरकाम  ने तीरंदाजी में विश्व विजेता सुश्री रागिनी मार्को की आदिम जाति कल्याण विभाग के शालाओं में अध्ययनरत, आश्रम, छात्रावासों में रह रहे बच्चों से भेंट कराई। उन्होंने शिक्षा के साथ क्रीड़ा के क्षेत्र में देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा और प्रोत्साहन छात्र-छात्राओं को दिया। बच्चों ने सुश्री मार्को से खुलकर बात की और जिज्ञासा का समाधान पाया। इस अवसर पर खिलाड़ी मार्को की माताजी और अन्य परिजन भी मौजूद थे।
मंत्री ओमकार सिंह मरकाम  ने कहा कि रागिनी मार्को ने विश्वस्तरीय चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल कर जबलपुर, मध्यप्रदेश ही नहीं पूरे देश का नाम रोशन किया है। मुझे देश की इस बेटी पर नाज है, गर्व है। हम राज्य सरकार और प्रदेशवासियों की ओर से उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। ओमकार सिंह मरकाम  ने  मार्को को आश्वासन किया राज्य सरकार उनके साथ है। राज्य सरकार उन्हें सभी आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।
रागिनी मार्को ने कहा कि उन्हें खुशी है कि देश के लिए कुछ कर पाने का अवसर मिला और सफलता प्राप्त हुई। उनकी उपलब्धि महान भारत राष्ट्र को समर्पित है। उन्हें गर्व महसूस हो रहा है।
ज्ञातव्य है कि रागिनी मार्को जबलपुर के विकासखण्ड कुण्डम के ग्राम छपरा करौंदी की निवासी हैं। उनके पिता जी जबलपुर में पुलिस विभाग में शासन की सेवा में पदस्थ है। रागिनी मार्को इस समय बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में चार खिलाड़ियों ने और देश से 12 गर्ल्स और 12 लड़कों ने विश्व चैम्पियनशिप में भागीदारी की थी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने