मनोज सिन्हा ने अयोध्या और फैजाबाद स्टेशनों पर योजनाओं का शिलान्यास किया

रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने मंगलवार को अयोध्या और फैजाबाद रेल स्टेशनों पर कई विकास योजनाओं का शिलान्यास करते हुए कई विकास योजनाओं की घोषणा की। सिन्हा ने कहा कि अयोध्या व फैजाबाद रेलवे स्टेशनों का पर्याप्त विकास अभी नहीं हो पाया था। उनके विकास के लिए रेल मंत्रालय के जरिए हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं आधारभूत ढांचा पैदा करने के लिए चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अकबरपुर, फैजाबाद बाराबंकी रेलखंड को दोहरीकरण के साथ ही विद्युतीकृत किया जाएगा जिस पर धन स्वीकृत हो चुका है। उसका निर्माण कार्य मई माह से जमीनी स्तर पर दिखने लगेगा। इसी के साथ ही अयोध्या के कोल डिपो को चार करोड़ रुपए की लागत से दर्शन नगर अथवा गोसाईगंज रेलवे स्टेशन पर निर्मित कराया जाएगा। फैजाबाद से मुंबई के लिए चलने वाली साकेत एक्सप्रेस अब चार दिन मुंबई के लिए चलेगी। फैजाबाद से पुरानी दिल्ली के लिए चलने वाली ट्रेन को आधुनिक डिब्बों वाली रेक दी जाएगी। रेल राज्यमंत्री ने मंगलवार को 80 करोड़ की लागत से अयोध्या रेलवे स्टेशन के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी और प्रस्तावित रेलवे के मॉडल भवन का प्रदर्शन भी जनता के बीच कराया।

रेल राज्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या का रेलवे स्टेशन मंदिर के ढांचे किस तरह का रेलवे स्टेशन होगा, जो अपने में अनोखा होगा। रेल राज्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या और फैजाबाद रेलवे स्टेशनों पर अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं। उनमें लिफ्ट व स्वचालित सीढ़ी का निर्माण कराया जा चुका है। उसका भी उद्घाटन किया गया। माल गोदाम फैजाबाद को सलारपुर रेलवे स्टेशन पर 130 करोड़ की लागत से बनने वाले गोदाम का भी आज आधारशिला रखी गई। रेल राज्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को आश्वासन दिया है कि अयोध्या को देश के हर कोने से ट्रेन की बेहतर सेवा से सीधे जोड़ा जाएगा। रेल मंत्रालय अभी अयोध्या और फैजाबाद के लिए आधारभूत ढांचा तैयार करने में लगा हुआ है।

सिन्हा ने रेल विभाग की उपलब्धियों का बखान करते हुए बताया कि आजादी के बाद अब ट्रेनों में 22 गुना ज्यादा यात्री सफर कर रहे हैं और दस गुना ज्यादा मालगाड़ी माल ढूंढ रही है। इसके लिए अब युद्ध स्तर पर रेल मंत्रालय दोहरीकरण चौथी लाइन का निर्माण करने का काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन स्टेशनों पर 25 हजार से ज्यादा यात्री आते जाते हैं। उन जगहों पर एक्सीलेटर सीनरी वाईफाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सिन्हा ने कहा कि दिसंबर 2018 तक फैजाबाद और आंबेडकरनगर जिले के सभी ग्राम पंचायतों को हाई स्पीड इंटरनेट सेवा से जोड़ दिया जाएगा। फैजाबाद और आंबेडकर नगर के 11 विकासखंडों में यह सेवा उपलब्ध करा दी गई है। शेष ग्राम पंचायतों में अगले चरण में सेवा उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके लिए टेंडर किया जा चुका है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने