विहिप की निगरानी में मंदिर निर्माण के लिए पत्थर लेकर अयोध्या पहुंचे 3 ट्रक

राम मंदिर निर्माण के लिए पत्थरों से लदे तीन और ट्रक विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) की निगरानी में अयोध्या के रामसेवकपुरम पहुंचे हैं. इससे पहले भी एक ट्रक पत्थर पिछले महीने यहां लाया गया था.

वरिष्ठ विहिप नेता त्रिलोकी नाथ पांडेय ने बताया कि राम मंदिर निर्माण के लिए राजस्थान के भरतपुर से दो ट्रक पत्थर अयोध्या पहुंच चुके हैं, लेकिन मंदिर के लिए हमें 100 ट्रक से ज्यादा पत्थरों की आवश्यकता होगी. उन्होंने बताया कि ट्रकों से लाए गए पत्थरों को कारसेवकपुरम स्थित विहिप मुख्यालय पर उतरवाया गया है. बाकि के पत्थर की सप्लाई भी आने वाले एक या दो दिनों में हो जाएगी.

पांडेय ने कहा कि अब प्रदेश में बीजेपी की सरकार है. इसलिए अब मंदिर निर्माण में कोई रुकावट सामने नहीं आएगी. उन्होंने कहा कि एक महीने पहले हमने वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी से संपर्क किया और उन्होंने एक साल से रोके गए फॉर्म 39 को तुरंत जारी कर दिया.

बाबरी मस्जिद-राम जन्मभूमि केस से जुड़े एक याची खालिद अहमद खान ने अयोध्या में पत्थरों के आगमन पर कहा है कि यह लोगों में एक सन्देश देने की कोशिश है कि भगवा दल राम मंदिर निर्माण को लेकर गंभीर है. हालांकि इससे केस पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा. हमें सुप्रीम कोर्ट और संविधान पर पूरा भरोसा है.

लखनऊ यूनिवर्सिटी की पूर्व कुलपति रूप रेखा वर्मा ने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है. इसलिए इस तरह की गतिविधियां गैर कानूनी हैं और देश के खिलाफ है. इससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है.

गौरतलब है कि 2015 में भी पूरे देश से पत्थरों को एकत्र करने की ऐसी कोशिश हुई थी. उस समय तत्कालीन समाजवादी सरकार ने दो ट्रक पत्थरों के आने के बाद उस पर रोक लगा दी थी. वाणिज्य कर विभाग ने पत्थरों को लाने के लिए फॉर्म 39 जारी करने से इनकार कर दिया था.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar