मणिपुर:पहले चरण के चुनाव में 168 प्रत्याशियों के किस्मत का होगा फैसला

मणिपुर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शनिवार को पांच जिलों की 38 सीटों के लिए मतदान होगा जिसमें 168 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होना है। जिन पांच जिलों में मतदान होना है उनमें इम्फाल पूर्व, इम्फाल पश्चिम, कांग्पोक्पी, बिशेनपुर और चुराचांदुर शामिल हैं। मतदान में 5,44,050 पुरूष मतदाता और 5,75,220 महिला मतदाता भाग लेंगीं। इनमें 5169 पुरुष नौकरीपेशा मतदाता और 1915 महिला नौकरीपेशा मतदाता भी मतदान करेंगी।
बिशेनपुर के छह और इम्फाल पश्चिम के 10 मतदान केंद्र पूरी तरह महिला मतदान अधिकारियों के संचालन में रहेंगे। चुनाव अधिकारी आज अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होना शुरू हो गये। सुरक्षाबलों के जवान भी संबद्ध मतदान केंद्रों में पहले से ही तैनात हैं।
निर्वाचन अधिकारी ने क्या कहा?
मुख्य निवार्चन अधिकारी (सीईओ) वी देवांगन ने कहा कि नयी दिल्ली में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सेल मतदान के दिन सभी चुनाव प्रबंधन संबंधी खबरों की निगरानी करेगा और दो घंटे के भीतर चुनाव आयोग और सीईओ को रिपोर्ट दे देगा। श्रम विभाग ने मतदान के दिन सभी नियोक्ताओं को अपने कर्मचारियों को अवकाश देने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए शनिवार को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की।
ऐसे रोका जाएगा फर्जी मतदान
मतदान केंद्र से 100 मीटर तक किसी को भी मतदाताओं को बहकाने के लिए प्रवेश नहीं दिया जायेगा और सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक किसी को भी मतदान केंद्रों में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं दी जायेगी। सभी जिलाधिकारियों ने मतदान क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू करने के आदेश दिये हैं। सीईओ ने फर्जी मतदान रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने का आदेश दिया है। सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रियाओं का लाइव वेब प्रसारण किया जायेगा लेकिन जहां पर थ्री जी कनेक्टिविटी नहीं है वहां पर वीडियोग्राफी की जायेगी।
बनाए गए कुल 1643 मतदान केंद्र
अधिकतर अधिकारी, सुरक्षाकर्मी, वाहन आदि जीपीएस उपकरण से जुड़े होंगे और प्रत्येक गतिविधियों पर नजर रखी जायेगी। चुनाव कायार्लय ने पहली बार सभी उम्मीदवारों, मतदाताओं, सुरक्षा इंतजामों, वाहनों, शिकायतों आदि का त्वरित निपटान एवं उत्तरदायित्व की गतिविधियों को ऑनलाइन कर दिया है। पहले चरण के चुनाव में कुल 1643 मतदान केंद्र बनाये गये हैं।
चुनाव में निष्पक्षता को सुनिश्चित करने के लिए केवल केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया जायेगा। यूनाइटेड नागा काउंसिल द्वारा पिछले वर्ष एक नवम्बर से नाकाबंदी करने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए 30 कंपनियों को तैनात किया गया है। यहां के मतदान केंद्रों पर अनुमानत: 250 कंपनियों को तैनात किया जायेगा। अधिकतर मतदान केंद्रों पर पांच अधिकारी तैनात रहेंगे।
चुनावी मैदान में 10 महिलाएं भी
इस चुनाव में केवल 10 महिलायें चुनावी मैदान में हैं। वाबागई विधानसभा क्षेत्र से पीपुल्स रिसर्जेंस एंड जस्टिस अलायंस (पीआरजेए) की नजीमा बीबी पहली मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस और भाजपा इस चुनाव में दो मुख्य पार्टी हैं और दोनों एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं। कांग्रेस ने 59 उम्मीदवारों और भाजपा ने 60 लोगों को टिकट दिये हैं। तृणमूल कांग्रेस ने 16, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने सात, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने छह, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने दो उम्मीदवार खड़े किये हैं।
नागा पीपुल्स फ्रंट ने छह जबकि पीपुल्स डेमोक्रेटिक अलायंस ने एक उम्मीदवार उतारे हैं। अन्य पार्टियों में लोक जन शक्ति ने 17, नेशनल पीपुल्स पार्टी ने 20, मणिपुर नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ने 15, मणिपुर पीपुल्स पार्टी ने पांच, नॉर्थ ईस्ट इंडिया डेवलपमेंट पार्टी ने 13, इरोम शर्मिला की पीपुल्स रिसर्जेंस जस्टिस अलायंस ने तीन, आरपीआई (ए) ने दो, एआईएफबी और एआईडीएफ ने एक सीट पर अपने उम्मीदवार उतारें हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar