उज्जैन। रामवास क्षेत्र में मंगलवार को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की एक बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धूकर जलने लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।
घटना में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग लगने के समय बस में यात्री सवार थे या नहीं, इसकी फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं आग लगने के वास्तविक कारणों का भी अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
शुभारंभ के दो दिन बाद इंदौर में हुआ था ई-बस हादसा
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का प्रदेश स्तर पर शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था।
इस अवसर पर प्रदेश के सात प्रमुख शहरों के लिए 351 बसों को हरी झंडी दिखाई गई थी। सेवा शुरू होने के महज दो दिन बाद 27 सितंबर को इंदौर के राजबाड़ा क्षेत्र में सेवा से जुड़ी एक ई-बस अनियंत्रित होकर तीन लोगों पर चढ़ गई थी।
उज्जैन को मिली हैं 10 बसें
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उज्जैन को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत 10 बसें मिली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 सितंबर को महाकाल लोक से पीएम ई-बस सेवा और उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ कर इन बसों को रवाना किया था।
अब सेवा शुरू होने के कुछ ही दिनों में बस में आग लगने की घटना सामने आने के बाद इन बसों की तकनीकी जांच, रख-रखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल प्रशासनिक और तकनीकी जांच जारी है। आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



पाठक प्रतिक्रियाएं
अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं है।