पैतृक संपत्ति बनी मौत की वजह! छोटे भाई ने साले संग मिलकर बड़े भाई की कर दी हत्या
बंटवारे का विवाद बना खूनी संघर्ष
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के तिवनी गांव निवासी राजबहोर कोरी (30) और उसके छोटे भाई कृष्णा कोरी के बीच पैतृक मकान और संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह विवाद धीरे-धीरे इतनी गहरी रंजिश में बदल गया कि आखिरकार एक भाई ने दूसरे भाई की जान ले ली।
बताया गया है कि 1 जून 2026 को कृष्णा कोरी ने अपने साले लवकुश कोरी के साथ मिलकर तुर्की स्टेशन के पास राजबहोर पर हमला कर दिया।
लकड़ी की फंटी से किया हमला
आरोपियों ने राजबहोर पर लकड़ी की फंटी से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद परिजन उसे उपचार के लिए रीवा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
गंभीर चोटों के कारण घायल राजबहोर की रास्ते में ही मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार में मातम छा गया।
24 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाया मामला
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ऑटो वाहन और लकड़ी की फंटी भी बरामद कर जब्त कर ली है।
न्यायालय में पेश, भेजे गए जेल
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
संपत्ति के विवाद ने एक परिवार से उसका बेटा और भाई छीन लिया। यह घटना बताती है कि लालच और रंजिश जब रिश्तों पर हावी हो जाएं, तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है।
