कुएं में मिली वृद्धा की लाश का खुलासा
पहचान लिए जाने के डर से दोस्त के परिचित ने की निर्मम हत्या
आंगन के कुएं में मिला था शव
27 मई की रात हनुमान नगर (अन्ना बाबा के पीछे) निवासी सुनील शर्मा ने रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी को सूचना दी कि उनकी बड़ी बहन पुष्पा शर्मा (75 वर्ष) का शव घर के आंगन स्थित कुएं में तैरता मिला है।
परिजनों ने बताया कि पुष्पा शर्मा 26 मई की रात अपने कमरे में सोने गई थीं, लेकिन अगले दिन देर रात तक बाहर नहीं निकलीं। संदेह होने पर पड़ोसियों की मदद से घर के भीतर प्रवेश किया गया, जहां कमरे के फर्श और दीवारों पर खून के धब्बे तथा घसीटने के निशान दिखाई दिए। इसके बाद कुएं में तलाश करने पर वृद्धा का शव मिला।
चोरी की नीयत से घर में घुसा था आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने हनुमान नगर निवासी रामगोपाल मिश्रा उर्फ गोपाल (45 वर्ष) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि मृतका का बेटा राजू उसका परिचित था और वह एक सप्ताह से गांव गया हुआ था। उसे जानकारी थी कि पुष्पा शर्मा घर में अकेली हैं। इसी का फायदा उठाने के लिए वह 26 मई की रात करीब 10:30 बजे बाउंड्री वॉल कूदकर घर में घुस गया और अलमारी में चोरी की नीयत से तलाश शुरू कर दी।
पहचान होने पर कर दी हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसी दौरान पुष्पा शर्मा कमरे में आ गईं और उन्होंने उसे पहचान लिया। वृद्धा ने शोर मचाना शुरू किया तो आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और पास में रखा पीतल/तांबे का बर्तन उठाकर उनके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। रांझी पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने त्वरित जांच कर इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझा ली है।
