जबलपुर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, अधारताल और बरेला थाने के प्रभारी बदले
जबलपुर। जिले में प्रशासनिक कसावट और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने एक बार फिर थाना प्रभारियों में बदलाव किया है। इस फेरबदल के तहत लाइन में पदस्थ निरीक्षक विपिन ताम्रकार को अधारताल थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि वहां पदस्थ प्रवीण कुमरे को लाइन अटैच कर दिया गया है।
अधारताल थाना प्रभारी बदले
पुलिस विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अधारताल थाना में पदस्थ प्रवीण कुमरे को हटाकर लाइन भेजा गया है। उनकी जगह विपिन ताम्रकार को अधारताल थाने की कमान सौंपी गई है। विभागीय स्तर पर इस बदलाव को प्रशासनिक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है।
बरेला थाना भी बदलाव की जद में
बरेला थाना में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। यहां पदस्थ प्रशिक्षु आईपीएस शुभम सिंह ठाकुर को हटाकर संगीता सिंह को थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के बाद बरेला थाना की जिम्मेदारी अब संगीता सिंह संभालेंगी।
अन्य थानों में भी बदलाव की तैयारी
सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कई अन्य थानों में भी थाना प्रभारियों के तबादले किए जा सकते हैं। इस दिशा में पुलिस विभाग द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं और अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा लगातार जारी है।
कार्यप्रणाली के आधार पर होगा फैसला
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ टीआई स्तर के अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन किया जा रहा है। समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर कुछ अधिकारियों को लाइन भेजा जा सकता है, जबकि लाइन में पदस्थ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां देकर थानों में पदस्थ किया जाएगा।
जबलपुर पुलिस में लगातार हो रहे बदलाव, प्रशासनिक कसावट के लिए एसपी की बड़ी कवायद
