जबलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 लाख के 6600 नशीले इंजेक्शन जब्त
जबलपुर। नशीले पदार्थों और अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जबलपुर पुलिस एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। बेलबाग और अधारताल थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के 6600 अवैध नशीले इंजेक्शन, मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त ई-रिक्शा जब्त किया है।
रामलीला मैदान के पास पहली कार्रवाई
थाना बेलबाग पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रामलीला मैदान के पास घेराबंदी कर समता कॉलोनी निवासी ई-रिक्शा चालक दुर्गा पटेल (46) को गिरफ्तार किया।
ई-रिक्शा (MP 20 ZX 7302) की तलाशी में 3 कार्टून और एक सफेद बोरी से कुल 3200 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
पूछताछ में खुला पूरा नेटवर्क
पूछताछ में दुर्गा पटेल ने बताया कि वह गाजी नगर निवासी अमजद खान के कहने पर हनुमानताल निवासी मोहम्मद आरिफ के घर से इंजेक्शन लेकर मदनमहल निवासी सौरभ सोनकर को सप्लाई करने जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद आरिफ और अमजद खान को हिरासत में लिया। जांच आगे बढ़ी तो ओमती निवासी सैय्यद असरफ अली उर्फ जीजा और मदनमहल निवासी सौरभ नामदेव की भूमिका भी सामने आई।
मोबाइल से होता था पूरा कारोबार
जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन के जरिए अज्ञात सप्लायरों से संपर्क करते थे और बैंक खातों में राशि ट्रांसफर कर अवैध नशीले इंजेक्शनों की खेप मंगाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी तकनीकी जांच जारी है।
अधारताल में 3400 इंजेक्शन बरामद
दूसरी कार्रवाई थाना अधारताल पुलिस द्वारा मिल्क स्कीम मैदान के पीछे की गई। यहां बजरंग बाड़ा निवासी गीतांशु साहू (25) को गिरफ्तार किया गया।
चार प्लास्टिक बोरियों की तलाशी में 2300 एविल और 1100 टॉल्जेसिक सहित कुल 3400 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ म.प्र. ड्रग्स कंट्रोल एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
वहीं मुख्य सरगना और सप्लायर की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
