ढाबा बना रणक्षेत्र: बिल मांगने पर नकाबपोशों ने किया जानलेवा हमला, 2 गंभीर घायल

 हिस्ट्रीशीटर से बिल मांगना पड़ा महंगा, ढाबे में घुसकर लाठी-रॉड से हमला

जबलपुर के बुढागर हाईवे स्थित सतना ढाबा में खूनी संघर्ष, 2 गंभीर घायल

जबलपुर। बुढागर हाईवे स्थित सतना ढाबा में खाना खाने पहुंचे क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों से भोजन का बिल मांगना ढाबा संचालक और कर्मचारियों को भारी पड़ गया। भोजन करने के बाद रुपए नहीं देने पर हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद कुछ युवक वहां से चले गए, लेकिन थोड़ी देर बाद चेहरे पर नकाब लगाकर लाठी और लोहे की रॉड से लैस होकर वापस लौटे और ढाबा संचालक सहित कर्मचारियों पर हमला बोल दिया।

 जमकर हुई तोड़फोड़

नकाबपोश बदमाशों ने ढाबे में रखे काउंटर, कुर्सियां और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। हमले के दौरान पूरे ढाबे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 2 लोगों के सिर में गंभीर चोट

हमले में चार लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनके सिर पर टांके लगाने पड़े हैं। वहीं दो अन्य लोगों को सामान्य चोटें आई हैं।

 पीड़ित ने पुलिस को बताई पूरी घटना

गोसलपुर थाना पहुंचे घायल गुड्डा ने पुलिस को बताया कि रात के समय 5 से 6 युवक ढाबे पर खाना खाने आए थे। भोजन करने के बाद जब उनसे बिल मांगा गया तो वे भड़क गए और धमकी देते हुए बोले कि दोबारा बिल की बात की तो यहीं काम तमाम कर देंगे।

कर्मचारियों और युवकों के बीच बहस होने लगी, तभी काउंटर पर बैठे संचालक के साथी ने बीच-बचाव किया। कुछ देर बाद बिल का भुगतान करने की बात पर सहमति बन गई, लेकिन थोड़ी ही देर बाद युवक नकाब लगाकर हथियारों के साथ लौट आए और हमला कर दिया।

 पुलिस ने दर्ज किया मामला

घायलों की शिकायत पर गोसलपुर पुलिस ने राज, जीत और उनके अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश करते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

🔥 जबलपुर क्राइम अपडेट | सतना ढाबा हमला मामला | पुलिस जांच जारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar