🚨 50 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला निकला किरायेदार, धमकी भरे पत्रों से मचा हड़कंप
जबलपुर। थाना विजय नगर क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी भरे पत्र भेजने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मकान मालिक के ही किरायेदार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की गई है।
पुलिस के अनुसार मथुरा विहार निवासी 73 वर्षीय गणेश प्रसाद दुबे ने थाना विजय नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 मई 2026 की सुबह उनके घर के अंदर एक्टिवा वाहन के पास एक बंद लिफाफा पड़ा मिला। लिफाफे पर “जे.पी. दुबे, 39 मथुरा विहार” लिखा हुआ था।
जब लिफाफा खोलकर देखा गया तो उसमें अपशब्दों से भरा धमकी भरा पत्र मिला। पत्र में उनके नाती सूजल चैबे और दामाद को नुकसान पहुंचाने की धमकी देते हुए 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
📩 मंदिर के पास मिले कई और धमकी भरे लिफाफे
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसी दिन दोपहर करीब 1 बजे पड़ोसी प्रमोद पटेल कुछ अन्य लिफाफे लेकर आए, जो मंदिर की बेंच के पास पड़े मिले थे। इन लिफाफों पर मनोज रोहितास, रुद्र सिंह, खम्परिया, केपी शर्मा और असाटी सहित मथुरा विहार के कई लोगों के नाम लिखे हुए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी पत्रों में एक जैसा मजमून लिखा गया था, जिससे किसी बड़ी साजिश की आशंका गहराने लगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान 10 मई की सुबह करीब 4 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति अलग-अलग स्थानों पर लिफाफे रखते हुए दिखाई दिया।
पतासाजी के दौरान गणेश प्रसाद दुबे ने फुटेज में दिख रहे व्यक्ति की पहचान अपने किरायेदार आशीष मिश्रा निवासी मऊगंज के रूप में की।
👮 आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने जांच के आधार पर आरोपी आशीष मिश्रा के खिलाफ धारा 308(2) और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर उसने इस तरह की हरकत क्यों की और उसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं है।
सच के साथ
