चलती राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग, 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

रतलाम-कोटा रेलखंड पर बड़ा हादसा टला, राजधानी एक्सप्रेस की दो बोगियों में लगी भीषण आग

रतलाम (मध्य प्रदेश): पश्चिम मध्य रेलवे के रतलाम-कोटा रेलखंड पर रविवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब त्रिवेंद्रम से नई दिल्ली (हजरत निजामुद्दीन) जा रही 12431 राजधानी एक्सप्रेस की दो बोगियों में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा सुबह करीब 5:20 बजे आलोट और विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशनों के बीच हुआ। घटना के बाद दिल्ली-मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई।


गार्ड की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

जानकारी के अनुसार, रतलाम से रवाना होने के बाद जब राजधानी एक्सप्रेस लूणीरिच्छा के पास पहुंची, तभी ट्रेन के B-1 कोच से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। ट्रेन के गार्ड ने तुरंत इसकी सूचना लोको पायलट को दी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रैक पर ही रोक दिया गया। समय रहते ट्रेन रोक दिए जाने से आग को बाकी डिब्बों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।

68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

आग लगने के बाद रेलवे स्टाफ और कर्मचारियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। प्रभावित बोगियों में मौजूद करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य डिब्बों में शिफ्ट किया गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग, स्थानीय प्रशासन और रेलवे की राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दो बोगियां पूरी तरह जल चुकी थीं।

गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं गई और कोई गंभीर रूप से घायल भी नहीं हुआ।

मौके पर पहुंचे डीआरएम और रेलवे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्वनी कुमार, रेलवे की टेक्निकल टीम, पुलिस बल और राहत दल घटनास्थल पर पहुंच गए। रेलवे प्रशासन ने ट्रैक को जल्द से जल्द साफ कर रेल यातायात बहाल करने की कवायद शुरू कर दी है।

रेलवे अधिकारियों का बयान

“सुबह 5:20 बजे कोटा कंट्रोल से आग लगने की सूचना मिली थी। घटनास्थल कोटा रेल मंडल के अंतर्गत आता है। राहत कार्य के लिए रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) और टावर वैगन रवाना किए गए हैं। सभी यात्री सुरक्षित हैं और अब प्राथमिकता ट्रैक को क्लियर कर रेल यातायात बहाल करने की है।”

दिल्ली-मुंबई रेल रूट प्रभावित

इस हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो गई है। कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को पिछले स्टेशनों पर रोका गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल रेलवे प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। शुरुआती आशंका तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

“राजधानी एक्सप्रेस में आग से मचा हड़कंप, गार्ड की सूझबूझ से बचीं सैकड़ों जानें”

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने