🚨 शराब के पैसों के लिए बदमाश ने दो नाबालिग छात्रों को पीटा, पाइप से हमला कर किया घायल
जबलपुर। थाना घमापुर क्षेत्र के शीतलामाई स्थित गोपी पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े दो नाबालिग छात्रों के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि क्षेत्र के एक बदमाश ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे और मना करने पर दोनों छात्रों के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी।
पुलिस के अनुसार कांचघर बरऊ मोहल्ला निवासी 15 वर्षीय समर्थ सिंह ठाकुर, जो कक्षा 10वीं का छात्र है, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे अपने दोस्त कृष्णा ठाकुर के साथ शीतलामाई स्थित गोपी पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचा था।
इसी दौरान क्षेत्र का बदमाश तुषार कुचबंधिया अपनी गाड़ी से वहां पहुंचा और दोनों नाबालिग छात्रों को रोक लिया। आरोपी ने जबरन शराब पीने के लिए पैसों की मांग की।
👊 पैसे देने से मना करने पर शुरू की मारपीट
जब समर्थ और उसके दोस्त ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी आगबबूला हो गया। आरोप है कि तुषार कुचबंधिया ने गाली-गलौज करते हुए समर्थ के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।
इतना ही नहीं, आरोपी ने पास में रखे पाइप से भी हमला कर दिया। हमले में समर्थ के चेहरे पर दाईं आंख के नीचे और दाहिने पैर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
अपने दोस्त को पिटता देख कृष्णा ठाकुर जब बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। इस हमले में कृष्णा के चेहरे और बाएं कान के पास चोटें आई हैं।
वहीं जब उनके अन्य दोस्त गौरव केवट और सृजल दुबे मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराने की कोशिश की, तो आरोपी तुषार कुचबंधिया सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
👮 पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद डरे-सहमे छात्र समर्थ ठाकुर ने अपने परिजनों के साथ घमापुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी तुषार कुचबंधिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 119(1) और 351(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सच के साथ
