बरमान घाट पर बड़ा हादसा टला,
नर्मदा में डूब रहे 4 लोगों को नाविकों ने बचाया
नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले स्थित बरमान घाट पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। नर्मदा नदी में स्नान के दौरान एक महिला सहित चार लोग अचानक गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों की चीख-पुकार सुनते ही स्थानीय नाविक तुरंत नदी में कूद पड़े और रेस्क्यू शुरू कर दिया।
नाविकों की बहादुरी से बचीं चार जानें
नाविकों ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए सभी चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के दौरान घाट पर अफरा-तफरी मच गई थी और श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया था। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।
एक सप्ताह में कई हादसे
जानकारी के अनुसार बीते एक सप्ताह में बरमान घाट पर डूबने की 5 से 6 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने और बच्चों को स्नान कराते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील कर रहा है। इसके बावजूद कई लोग लापरवाही बरतते हुए जोखिम भरे स्थानों पर स्नान कर रहे हैं।
बड़े हादसे की आशंका बरकरार
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर सुरक्षा इंतजाम और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
