एनसीसी कैंप में बिगड़ी कैडेट्स की तबीयत,
37 बच्चे पहुंचे अस्पताल
जबलपुर। डुमना रोड स्थित ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में चल रहे नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) कैंप में कैडेट्स की तबीयत बिगड़ने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। शुक्रवार को भी तीन और बच्चों को विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जिसके बाद बीमार कैडेट्स की संख्या बढ़कर 37 हो गई है।
भीषण गर्मी बनी बीमारी की वजह
चिकित्सकों के अनुसार तेज गर्मी और लू के चलते एनसीसी कैडेट्स हीट स्ट्रोक का शिकार हुए हैं। बच्चों को सिर दर्द, चक्कर और उल्टियों की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी बच्चों की ईसीजी जांच भी कराई गई है और उन्हें 24 घंटे तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
खाना खाने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात भोजन करने के बाद अचानक कई कैडेट्स की तबीयत खराब हो गई। आनन-फानन में करीब 31 बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल विक्टोरिया भेजा गया। सभी बच्चों को तेज सिर दर्द और उल्टियों की शिकायत थी।
450 कैडेट्स ले रहे प्रशिक्षण
एमपी आर्ड स्क्वाड्रन एनसीसी द्वारा 14 मई से ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस कैंप में जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, तेंदूखेड़ा, कटंगी और नुनसर सहित कई क्षेत्रों से करीब 450 कैडेट्स शामिल हुए हैं।
आरोप है कि 43 डिग्री तापमान और भीषण लू के बावजूद लगातार प्रशिक्षण जारी रखा गया, जिसके कारण बड़ी संख्या में बच्चे प्रभावित हुए।
मेडिकल कॉलेज की टीम पहुंची अस्पताल
सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम विक्टोरिया अस्पताल पहुंची है। कुछ बच्चों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है, लेकिन चिकित्सकों की सलाह पर सभी को निगरानी में रखा गया है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका को लेकर भोजन के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। हालांकि प्रारंभिक जांच में हीट स्ट्रोक को बच्चों की तबीयत बिगड़ने की मुख्य वजह माना जा रहा है।
