दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से नीचे गिरी, 6 की मौत, 30 से ज्यादा घायल



अनूपपुर-उमरिया सीमा पर दर्दनाक हादसा

तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से नीचे गिरी, 6 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर, मातम में बदली पूजा से वापसी की यात्रा

मध्य प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर स्थित पुष्पराजगढ़ तहसील से सामने आया है, जहां शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिरकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।



तिवनी गांव के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार करनपठार थाना क्षेत्र की सरई चौकी अंतर्गत तिवनी गांव के पास यह हादसा हुआ। एसपी विक्रांत मुराब ने बताया कि गिंजरी और पड़मनिया गांव के ग्रामीण परिवार बिजौरा ग्राम पंचायत के तिवनी जंगल में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। देर शाम लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया से नीचे जा गिरी।

हादसे के बाद ट्रॉली में सवार ग्रामीण करीब दस फीट नीचे जा गिरे। बताया जा रहा है कि वाहन में 40 से अधिक लोग सवार थे, जिसके चलते जनहानि और घायलों की संख्या अधिक रही।

घटना के बाद मचा हड़कंप

हादसे की सूचना मिलते ही उमरिया जिले के पाली थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से पाली अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद सभी गंभीर घायलों को शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चे घायल हुए हैं।

अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल

घटना के बाद शहडोल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लगातार घायलों के उपचार में जुटी रही।

कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका विशेष चिकित्सा निगरानी में इलाज जारी है।

कलेक्टर पहुंचे अस्पताल, सहायता का ऐलान

हादसे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर हर्षल पंचोली स्वयं शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

कलेक्टर ने बताया कि इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले नागरिकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 4-4 लाख रुपये तथा संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

6 लोगों की मौत | 30 से अधिक घायल | प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने