जबलपुर में देर रात किराना दुकान में भीषण आग, दमकल की 3 गाड़ियों ने पाया काबू
बेलबाग क्षेत्र में रात 1 बजे मची अफरा-तफरी, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
जबलपुर। शहर के बेलबाग क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक किराना दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना रात करीब 1:05 बजे कंट्रोल रूम को मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची।
🚒 दमकल ने शटर तोड़कर शुरू किया रेस्क्यू
आग अग्रवाल किराना दुकान में लगी थी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
⏰ रात में मिली सूचना
दुकान संचालक के अनुसार, वह रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। देर रात करीब 1 बजे उसे फोन पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचा।
📊 नुकसान का आकलन जारी
हालांकि, आग से हुए नुकसान का आंकलन अभी नहीं किया जा सका है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
