🔴 BREAKING NEWS
Loading...

13 साल में 18 संगीन वारदातें, अब कुख्यात मार्शल पॉल पर NSA की गाज




जबलपुर। शहर में पिछले एक दशक से दहशत और अपराध का पर्याय बन चुका कुख्यात अपराधी मार्शल पॉल अब कानून के शिकंजे में आ गया है। 13 वर्षों में 18 संगीन आपराधिक मामलों को अंजाम देने वाले इस अपराधी को पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया है।

मार्शल पॉल, निवासी मॉडल टाउन तिलहरी, थाना गोराबाजार, वर्ष 2012 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, मारपीट, बमबाजी और आम्र्स एक्ट सहित कुल 18 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, मार्शल न केवल खुद अपराधिक वारदातों को अंजाम देता रहा, बल्कि इलाके में भय और आतंक का ऐसा माहौल बना दिया था कि आम नागरिक शिकायत दर्ज कराने तक से डरने लगे थे।

सिविल लाइन थाना प्रभारी रीतेश पांडे ने बताया कि मार्शल पर पूर्व में भी कई बार प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियां की गईं, लेकिन उसका आपराधिक व्यवहार थमा नहीं। स्थानीय लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने मार्शल के खिलाफ एनएसए के तहत कठोर कार्यवाही की अनुशंसा की।

इसके आधार पर जिला दंडाधिकारी दीपक सक्सेना ने आरोपी की निरंतर आपराधिक गतिविधियों और जनसुरक्षा के मद्देनजर एनएसए के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया। इस वारंट के अंतर्गत मार्शल पॉल को हिरासत में लेकर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने और आम जनता को राहत देने में मदद मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar