कृषि विभाग में करोड़ों का घोटाला? उप संचालक पर गंभीर आरोप, पूर्व विधायक ने ईओडब्ल्यू से की शिकायत



गुना। जिले में पदस्थ कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप संचालक अशोक कुमार उपाध्याय पर करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप सामने आया है। यह गंभीर आरोप जिले के पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह सलूजा ने लगाए हैं। उन्होंने इस संदर्भ में कलेक्टर, मुख्यमंत्री और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ग्वालियर को विस्तृत शिकायत सौंपी है।

सूत्रों के अनुसार, ईओडब्ल्यू ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है और कलेक्टर से आगामी 15 दिनों में प्रतिवेदन मांगा गया है। इसी कड़ी में कलेक्टर कार्यालय ने सलूजा को दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए 23 अप्रैल तक का समय दिया था, परंतु वे अपनी निजी व्यस्तताओं के चलते 22 अप्रैल को ही अपर कलेक्टर अखिलेश जैन को लगभग 165 पन्नों की रिपोर्ट सौंप चुके हैं।

पूर्व विधायक का आरोप है कि उप संचालक उपाध्याय ने विभागीय खरीदी और ठेकों में घोर अनियमितताएं कर करोड़ों रुपये का दुरुपयोग किया है। खास बात यह है कि जब सलूजा ने सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) के तहत विभाग से जानकारी मांगी, तभी विभागीय कार्यालय में रहस्यमय तरीके से आगजनी की घटना घटित हो गई। इसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ और उपकरण जलकर राख हो गए।

सलूजा का आरोप है कि यह आग सामान्य दुर्घटना नहीं थी, बल्कि एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत, कथित रूप से उप संचालक के इशारे पर लगाई गई, ताकि भ्रष्टाचार से जुड़े साक्ष्य नष्ट किए जा सकें।

उन्होंने यह भी दावा किया है कि भ्रष्टाचार से जुड़े जिन 12 बिंदुओं पर उन्होंने आरोप लगाए हैं, उनसे संबंधित आवश्यक प्रमाण पहले से ही उनके पास मौजूद थे, जिन्हें उन्होंने जांच अधिकारियों को सौंप दिया है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar