मध्य प्रदेश के दतिया जिले में खुलेआम संचालित जुए के फड़ का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जुआरियों का समूह बिना किसी डर के लाखों-करोड़ों का जुआ खेलता नजर आ रहा है। यह मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र का है, जहां से यह वीडियो सामने आया है।
भड़ोल ग्राम में चलता है जुए का फड़
बताया जा रहा है कि यह जुए का फड़ इंदरगढ़ थाना से महज तीन किलोमीटर दूर स्थित भड़ोल ग्राम के बाहर खुले में संचालित हो रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यहां रोजाना 50 लाख से लेकर एक करोड़ रुपये तक का जुआ खेला जाता है। जुआ खेलने वालों में स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि बाहरी लोग भी शामिल हैं।
पुलिस की भूमिका पर सवाल
चौंकाने वाली बात यह है कि इस गतिविधि की जानकारी पूरे क्षेत्र में है, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। दतिया से इंदरगढ़ तक यह चर्चा का विषय बन चुका है कि आखिर पुलिस क्यों मूकदर्शक बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि या तो पुलिस इस मामले में मिलीभगत कर रही है या फिर उसे इस फड़ के संचालकों का कोई राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। वीडियो में भारी संख्या में लोग एकत्रित होकर जुआ खेलते हुए नजर आ रहे हैं। न तो पुलिस की गश्त नजर आती है और न ही किसी तरह की रोकथाम का प्रयास किया जा रहा है। यह वीडियो पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
जब इस विषय में पुलिस अधिकारियों से सवाल पूछा गया तो उन्होंने मामले की जानकारी होने से इनकार कर दिया। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद अब अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है। सवाल यह है कि जब जुए का फड़ थाना से चंद किलोमीटर की दूरी पर संचालित हो रहा है, तो पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लगी?
