50 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, 3 साल से नाबालिग को रखा था बंधक


नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 50 हजार के इनामी अपराधी जैनेंद्र त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है। यह आरोपी 2021 में दिल्ली के बवाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में फरार था।

तीन साल से चल रहा था फरार

साल 2021 में बवाना पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, त्यागी ने नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अगवा कर लिया था। मामले में आईपीसी की धारा 363, 366ए और जेजे एक्ट की धारा 84 के तहत केस दर्ज किया गया। लड़की का कोई सुराग न मिलने पर दिल्ली पुलिस ने आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।

उत्तराखंड में हुआ गिरफ्तार

स्पेशल सेल ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उत्तराखंड के देहरादून में कार्रवाई की। 20 नवंबर को देहरादून के वंश टॉवर के पास आरोपी की मौजूदगी की खबर मिली। एसआई सुमित के नेतृत्व में टीम ने शाम 6:55 बजे वंश टॉवर की पहली मंजिल की बालकनी से आरोपी को गिरफ्तार किया।

अपहृत नाबालिग को बचाया गया

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसके आधार पर देहरादून में आरोपी के किराए के मकान से अपहृत लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय जैनेंद्र त्यागी बीते तीन साल से नाबालिग को अपने साथ रखे हुए था।

आरोपी पर भरोसा करना पड़ा भारी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि त्यागी नाबालिग की मां का परिचित और परिवार का करीबी था। इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसने लड़की को शादी का वादा करके बहलाया और अपहरण कर लिया।

दिल्ली और उत्तराखंड में लगातार बदलता रहा ठिकाना

त्यागी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार दिल्ली और उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदल रहा था। आरोपी ने दिल्ली के देशबंधु कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की है और मूल रूप से देवली गांव का निवासी है।

स्पेशल सेल की तारीफ

इस गिरफ्तारी को लेकर पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों ने स्पेशल सेल की कार्रवाई की सराहना की है। तीन साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार करना पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar