खरगोन जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना बेड़िया थाना क्षेत्र के जिरभार के पास हुई, जहां श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
चरण पादुका पूजन से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार श्रद्धालु भट्टयान स्थित सियाराम बाबा के आश्रम में आयोजित चरण पादुका पूजन और भंडारे में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए।
गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बेड़िया पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद नौ गंभीर रूप से घायलों को खरगोन जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है।
सालाखेड़ी गांव के निवासी थे सभी श्रद्धालु
हादसे में घायल और मृतक सभी श्रद्धालु खरगोन जिले के सालाखेड़ी गांव के निवासी थे। दुर्घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
इस दुर्घटना ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर किया है। प्रशासन ने पीड़ितों के परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
