राजस्थान की सीमा से सटे मध्यप्रदेश के नीमच जिले के जावद में लोकायुक्त पुलिस ने जनपद अध्यक्ष को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ धरदबोचा। इस पूरी कार्रवाई को उज्जैन से नीमच पहुंची लोकायुक्त की टीम ने अंजाम दिया है। भ्रष्टाचार से जुड़े इस मामले की शिकायत पंचायत के सरपंच ने ही की थी, जिस पर लोकायुक्त ने उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
लोकायुक्त उज्जैन के डीएसपी बसंत प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में जावद जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण को पकड़ा गया है। जनपद अध्यक्ष द्वारा ग्राम पंचायत खोर के सरपंच बलराम जाट से सामुदायिक भवन सह ई कक्ष निर्माण को स्वीकृत करने के एवज में 50 हजार की रिश्वत की मांग की गई थी। इसी बात से नाराज होकर पंचायत के सरपंच द्वारा अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। दरअसल खोर पंचायत क्षेत्र के गांव खेड़ा राठौर में सामुदायिक भवन सह ई कक्ष का निर्माण 5 लाख रुपये की राशि से किया जाना था, जिसके 10 प्रतिशत के हिसाब से अध्यक्ष ने 50 हजार रुपये मांगे थे। अध्यक्ष से परेशान होकर सरपंच द्वारा लोकायुक्त उज्जैन को शिकायत की थी। उसी के आधार पर टीम ने अध्यक्ष को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
