मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। एक प्रेमी ने अपनी गर्लफ्रेंड से अफेयर के शक में अपने दोस्त की हत्या कर दी। हत्या कर दोस्त का शव मकान में ही मुरम डालकर गाड़ दिया। हत्या के बाद वे उस घर में लिव इन में रहने लगे।
क्या है पूरा मामला ?
राजधानी के हबीबगंज थाना क्षेत्र में सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जहां पुलिस ने करीब 10 महीने पुराने शव को बरामद किया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी युवक शमशेर का उसकी प्रेमिका से झगड़ा हो रहा था। दरअसल, झगड़े के दौरान आरोपी ने प्रेमिका से कहा कि तुझे भी उसी तरह मारकर गाड़ दूंगा, जिस तरह से शिवा को मारकर गाड़ दिया था। ये बात रहवासियों ने सुनी, तो पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच शुरू कर खुदाई की तो उन्हें गड़ा हुआ शव मिला। पुलिस ने शमशेर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने भालेराव शिवदत्त की हत्या करना कबूला है। पुलिस को आरोपी ने बताया कि उसने 7 महीने पहले भालेराव की हत्या कर दी थी।
प्रेमिका पर शिवा की बुरी नजर के शक में की थी हत्या
ये पूरा मामला भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र के साईं बाबा नगर का है। बता दें कि मृतक भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र का है। जिसका नाम शिवा है। बताया जा रहा है कि शमशेर और शिवा में दोस्ती थी और शमशेर को शिवा पर शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड के साथ शिवा का अफेयर है और इसी शक के चलते उसने शिवदत्त की गला रेतकर हत्या कर दी और उसे मकान में गाड़ दिया।
उसी घर में लिव इन रिलेशन में रह रहे थे
पुलिस उपायुक्त जोन-1, साईं कृष्णा थोटा के मुताबिक शिवा की हत्या अक्टूबर 2021 में की गई थी। जहां शव को आरोपी ने अपने घर में ही मुरम डालकर गाड़ दिया था। इसके बाद से आरोपी और उसकी गर्लफ्रेंड दोनों उसी घर में रह रहे थे। बीती देर रात शमशेर और उसकी प्रेमिका में झगड़ा हुआ और उस दौरान उसने अपना आपा खो दिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि जिस तरह उसने शिवा को मारा है, उसी तरह उसे भी मारकर यहीं गाड़ देगा। बदमाश शमशेर मोहल्ले वासियों को भी चिल्लाते हुए जमीन में गाड़ने की बात कह रहा था। रहवासियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की छानबीन शुरू कर दी। जहां पर शिवा को गाड़ा था, उस जगह की खुदाई की और वहां से शिवा की सड़ी-गली स्थिति में बॉडी बाहर निकाली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। शिवा की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज थी, इस तथ्य पर पुलिस जांच कर रही है।
