मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को 9 जून तक ईडी की हिरासत में भेजा गया



नई दिल्ली: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और आप नेता सत्येंद्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में पूछताछ के लिए यहां की एक अदालत ने मंगलवार को नौ जून तक प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में भेज दिया। विशेष न्यायाधीश गीतांजलि गोयल ने जैन को ईडी की हिरासत में भेज दिया। बड़ी साजिश का पता लगाने के लिए उनसे हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता जताई गई।

ईडी ने सोमवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को ईडी द्वारा सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर अपनी चुप्पी तोड़ी और कहा कि यह मामला 'पूरी तरह से फर्जी और राजनीति से प्रेरित' है।

केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार और आम आदमी पार्टी (आप) 'एक दम ईमानदार' हैं। 'मैंने जैन के खिलाफ मामले का अध्ययन किया है। यह पूरी तरह से फर्जी है और राजनीतिक कारणों से प्रेरित है और उन्हें जानबूझकर फंसाया गया है।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के एक सड़क विकास कार्यक्रम के निरीक्षण के दौरान संवाददाताओं से कहा, 'हमें न्यायपालिका पर भरोसा है। जैन बेदाग निकलेंगे और फर्जी मामला नहीं चलेगा।'

दिल्ली की केजरीवाल सरकार में स्वास्थ्य, गृह और बिजली समेत कई विभागों की जिम्मेदारी संभालने वाले जैन को प्रवर्तन विभाग (ईडी) ने सोमवार को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में गिरफ्तार किया था।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar