भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chauhan) ने जनता से अपील की है कि विवाह, शादी अभी न करें। विवाह कोरोना संक्रमण के सुपर स्प्रेडर हैं। अलग-अलग जिले अपनी परिस्थितियों पर विचार कर भीड़ को कम करने का प्रयास करें। मई में शादियां न हों ये फैसला लिया जाये ताकि संक्रमण से बचा जा सके। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मैं आपसे आह्वान कर रहा हूं कि 15 मई तक हम सबकुछ बंद करें। कड़ाई से जनता कर्फ्यू (Corona Curfew) का पालन हो। मैं चाहता हूं आने वाले दिनों में जनजीवन सामान्य हो जाये। इसलिये कुछ दिन हम कड़ाई कर लें।
दरअसल, आज सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ‘किल कोरोना-2 अभियान’ के संबंध में प्रदेश स्तर पर जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों से संवाद किया। इसमें सीएम ने कहा कि 21 अप्रैल तक मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) देश में संक्रमित राज्यों के मामले 7वें नंबर पर था। आज आपके ही सहयोग से हम 14वें नंबर पर आ गये हैं। पॉजिटिविटी रेट 25 प्रतिशत तक पहुंच गई थी अब 18 प्रतिशत के करीब आ गई है। रिकवरी अगर देखें तो ये 85.13 प्रतिशत हो गई है।गांव गांव में छोटी-छोटी टीम बन जाये जो विकेंद्रित तरीके से काम करें। हम भोपाल में बैठकर संक्रमण नहीं रोक सकते। इसलिये सभी का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। जिन गांवों में पॉजिटिव केस हों वहां मनरेगा के काम भी बंद कर दिये जायें। हम अनाज देंगे जरूरतमंदों को।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कई लोगों की मानसिकता है कि इस बीमारी को छुपाते हैं, इसे न छुपायें। किल कोरोना अभियान की टीमें अब मरीजों को ढूंढकर वहीं के वहीं उनका इलाज करेंगी। उन्हें तत्काल दवाइयां मिलेंगी। किसी घऱ में 15 मई तक कोई संक्रमित छूट न जाये। एक एक व्यक्ति को ढूंढ़ कर निकालना है।गांवों की टीमें देखें कि होम आइसोलशन सही से हो। विधायक अपने अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनता के साथ मिलकर काम करें। अलग अलग जिलों में जहां जहां भीड़ होती है उसके लिये उचित कार्रवाई की जाये। भीड़ कम की जाये।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज हम फैसला कर रहे हैं कि बाकी अस्पतालों को भी आयुष्मान भारत योजना के तहत अनुबंधित करा के कोविड के संकट में लोगों का इलाज करवाना शुरु करेंगे। आयुष्मान भारत योजना में 88 प्रतिशत परिवार पहले से कवर हैं। जो पैसा लगेगा वो सरकार अपने खजाने से भरेगी। शुक्रवार से ये योजना लागू होगी। जनता को विशेषकर गरीबों को निशुल्क इलाज मिले हम ये सुनिश्चित करेंगे। अस्पतालों को हम पैकेज देंगे और गरीबों का, आम लोगों का, मध्यमवर्गीय लोगों का भी इलाज करायेंगे।
