कोई इंसान कितनी बड़ी गलती कर सकता है ये आप सोच भी नहीं सकते. लेकिन महाराष्ट्र में एक युवक ने ऐसी गलती की जो शायद इससे पहले किसी और ने की होगी. दरअसल, महाराष्ट्र में एक युवक दांत साफ करते वक्त टूथब्रश ही निगल गया. इस बारे में जानकर हर कोई हैरान रह गया कि कोई कैसे टूथब्रश निगल सकता है. जानकारी के मुताबिक, 33 साल का एक शख्स अपने दांतों की सफाई करते समय गलती से टूथब्रश निगल गया.
उसके बाद शख्स को सांस लेने में तकलीफ होने लगी. युवक की जान बचाने के लिए डॉक्टरों को फौरन उसका ऑपरेशन करना पड़ा. बताया जा रहा है कि राजेश जाधव नाम का एक शख्स 26 दिसंबर की सुबह करीब 11 बजे गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में पेट दर्द की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया. सर्जरी टीम के सीनियर डॉक्टर जुनैद एम. शेख ने बताया कि युवक ने टूथब्रश निगल लिया है, ब्रश उसके पेट में किस जगह है.
यह पता लगाने के लिए पहले सीटी स्कैन किया गया. उन्होंने बताया कि अगर ब्रश को उसके शरीर के अंदर रहने दिया जाता तो पेट और आंत को नुकसान पहुंच सकता था और जिंदगी को भी खतरा हो सकता था, इसलिए हमने फौरन उसका ऑपरेशन कर दिया. डॉक्टर शेख ने कहा, “हमने मरीज के एबडॉमिनल कैविटी पर एक मिनी-लैपरेटोमी किया और लगभग 90 मिनट के बाद, टूथब्रश को निकाल लिया. हमने किसी भी संक्रमण को रोकने के लिए अंदरूनी सफाई भी की.
बता दें कि मरीज को बाद में वार्ड में ले जाया गया, जहां उसकी पत्नी और भाई ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि जाधव ने टूथब्रश को कैसे निगल लिया. डॉक्टर शेख ने बताया कि मरीज की हालत अब स्थिर है. उसे 5-6 दिनों के बाद डिस्चार्ज कर दिया जाएगा, जब हम टांके हटा देंगे, और यह भी निर्भर करेगा कि वह कितनी जल्दी ठीक होता है. बता दें कि इस अस्पताल में 15 साल पहले भी एक ऐसा ही सर्जरी हुई थी तब एक मरीज का ऑपरेशन कर उसके पेट से चम्मच निकाला गया था.
