लखनऊ : एक महिला ने कोरोना संक्रमित होने के बावजूद अपनी शादी की सालगिरह मनाई। उसकी इस गलती के कारण उसका पति भी कोरोना संक्रमित हो गया। यही नहीं, लॉकडाउन के उल्लंघन के तहत महिला सहित इस सालगिरह में शामिल हुए तीन अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की महिला भाजपा नेता व भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व उपध्यक्ष दिल्ली से पहुंचे एक आयुर्वेदिक डॉक्टर से मिलने पर वह कोरोना संक्रमित हो गई। इसपर भाजपा नेता सहित उसके परिवार के सभी लोगों को शिखरपुर स्थित क्वारंटइन सेंटर भेज दिया गया।
परंतु इस बीच, महिला भाजपा नेता ने अपनी शादी की 38वीं सालगिरह क्वारंटइन सेंटर में मनाया। इस मौके पर महिला ने पति, बेटी और दामाद के साथ मिलकर केक काटा और एक-दूसरे को केक खिलाया। इससे ताजा परीक्षण में उसके पति भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर उनकी शादी की सालगिरह और केक कटिंग की तस्वीरें धमाल मचा रही हैं।
इसपर मामले की जांच में जुटी पुलिस लॉकडाउन के नियमों के उल्लंघन के तहत इन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के अलावा क्वारंटाइन सेंटर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इस बीच, कोरोना संक्रमित पति-पत्नी को अब खुर्जा स्थित क्वारंटाइन सेंटर भेजा गया है।
