देश में अब तक कोरोना के 6825 मामलों की पुष्टि, 229 लोगों की मौत, राजस्थान में 26 नए केस

देश में कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। अब संक्रमितों का आंकड़ा 7,000 के करीब पहुंच गया है जबकि मौतों की संख्या भी 200 से अधिक हो गई है।
covid19india.org के मुताबिक, देश में अब तक 6825 मामलों की पुष्टि हुई है। जबकि इस संक्रमण से 229 लोगों की मौत हो गई है।
वहीं स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 12 घण्टे में 30 लोगों की मौत हुई है। जबकि 547 नए मामले सामने आये हैं। अब देश में
कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 6412 हो गई है। इसमें 5709 सक्रिय मामले हैं। जबकि, 504 डिस्चार्ज हो चुके हैं और 199 लोगों की मौत हो चुकी है।
भारत में कोरोना से सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र, तमिलनाडु और दिल्ली में सामने आए हैं। जहां महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1364 हैं वहीं तमिलनाडु में संक्रमितों की संख्या 834 और दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 720 है। कोरना के कारण देश में सबसे अधिक मौतें महाराष्ट्र में हुई है। यहां 97 लोगों की जान इस वायरस से गई है।
हरियाणा में 161 मामले
हरियाणा में पांच और लोग नोवेल कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये हैं जिसके बाद राज्य में कोविड-19 से ग्रस्त कुल रोगियों की संख्या 161 हो गयी है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार तीन नये मामले अंबाला से आये हैं और एक-एक मामले सोनीपत तथा पंचकूला से दर्ज किये गये हैं। इस समय राज्य में 141 मरीजों का इलाज चल रहा है और 18 को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। राज्य में कोरोना वायरस से दो रोगियों की मृत्यु हो चुकी है। बुलेटिन के अनुसार अब तक राज्य में कोरोना वायरस के लिए 3496 नमूनों की जांच की गयी है, जिनमें से 2443 मामलों में संक्रमण नहीं होने की पुष्टि हुई है। इसमें कहा गया कि संक्रमण के पुष्ट मामलों की संख्या 161 है, वहीं 892 नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है। बुलेटिन के मुताबिक हरियाणा में कोरोना वायरस के कुल मामलों में 10 विदेशी नागरिक हैं, वहीं 64 लोग अन्य राज्यों से आये हैं। राज्य में सबसे बुरी तरह प्रभावित जिलों में गुड़गांव, नूह, पलवल और फरीदाबाद हैं जहां क्रमश: 32, 38, 28 और 28 मामले कोविड-19 के हैं।
बिहार में कोरोना के मामले बढ़कर हुए 60
बिहार के सिवान जिले में शुक्रवार को कोरोना वायरस के दो नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में कोविड-19 के मामलों की संख्या बढ़कर अब 60 हो गयी है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के दो नए मामले सामने आए। इनमें 10 साल की एक लड़की और 28 वर्षीय एक पुरुष है, जो सिवान के रधुनाथपुर प्रखण्ड के पंजवार गांव के हैं।उन्होंने बताया कि ये दोनों भी ओमान से आने के बाद संक्रमित पाए गए व्यक्ति के सम्पर्क में आए थे। ओमान से आए उक्त व्यक्ति के संपर्क में आने से उनके परिवार अथवा पंजवार गांव के 23 लोग संक्रमित पाए गए हैं। गौरतलब है कि पंजवार गांव का एक व्यक्ति ओमान से 22 मार्च को अपने गांव आया था जो कि तीन अप्रैल को जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था । संजय ने बताया कि बिहार के मुख्य सचिव ने रघुनाथपुर प्रखंड के पंजवार गांव में लॉकडाउन को पूरी तरह से लागू किए जाने के लिए सारण आयुक्त और पुलिस उपमहानिरीक्षक को सिवान में कैंप करने का निर्देश दिया है। बिहार में अब तक तक कोरोना वायरस के 5,152 संदिग्ध मरीजों के नमूने लिए गए हैं । बिहार में कोविड-19 संक्रमित 15 मरीज अबतक ठीक भी हो चुके हैं। वहीं कतर से आए एक व्यक्ति की जान जा चुकी है।
राजस्थान में 26 नए मामलों की पुष्टि
राजस्थान में कोरोना के 26 नए मामले सामने आए हैं। इसमें बंसवाड़ा में 12, जैसलमेर में 8, झलवाड़ में 3, अलवर-भरतपुर-कोटा में एक-एक सामने आए हैं। अब पूरे प्रदेश में मरीजों की संख्या 489 हो गई है।
गुरुग्राम के नौ इलाके सील
यूपी और दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा के गुरुग्राम के 9 इलाकों को सील कर दिया गया है। गुरुग्राम प्रशासन ने कोविड 19 हॉटस्पॉट के रूप में 9 जगहों को चिन्हित किया है जिसके बाद बीमारी फैलने से रोकने के लिए इन इलाकों को पूरी तरह सील किया गया है।
गुजरात में 21 नए मामले
गुजरात में कोरोना के 21 नए मामले सामने आए हैं। यह सभी मामले वडोदरा से आए हैं। अकेले वडोदरा के अक गांव नगरवाडा में 20 मामले सामने आए हैं। जिसके बाद अब वडोदरा में कोरोना मरीजों की संख्या 39 हो गई है।
असम में पहली मौत
कोरोना वायरस से असम में आज पहली मौत हुई। सिलचर मेडिकल कॉलेज में 65 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया है। वह सऊदी अरब से लौटे थे। असम में कोरोना के कारण मौत का यह पहला मामला है।

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar