महीनेभर तक कोई आंदोलन नहीं करेगी BJP

नई दिल्ली : भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को कहा कि पार्टी ने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर एक महीने तक कोई प्रदर्शन या आंदोलन न करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी जन सभाएं नहीं करेगी। अगर हमें कोई जानकारी देनी होगी तो वरिष्ठ पार्टी नेता ज्ञापनों के जरिए सूचना देंगे।
नड्डा ने कहा, 'पार्टी की सभी इकाइयों से कोरोना वायरस के संबंध में जागरूकता फैलाने के साथ साथ इस संबंध में भी जानकारी देने को कहा गया है कि क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।'
भाजपा अध्यक्ष का यह बयान तब आया है जब एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की संसदीय दल की बैठक में सांसदों को कोरोना वायरस के बारे में छोटे छोटे समूहों में लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए कहा तथा सुझाव दिया कि उन्हें 15 अप्रैल तक कोई भी जन आंदोलन शुरू करने से बचना चाहिए।
भारत में कुल 147 मामले
भारत में कोरोना वायरस के कुल 147 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना वायरस संक्रमण के 10 नए मामले सामने आने के बाद इस घातक विषाणु से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 147 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि इन मामलों में दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र में जान गंवाने वाले तीन लोग और 25 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar