भारत में कोरोना : दो और मरीजों की मौत, आज 26 नए मामले, अब तक 341 संक्रमित

आज देश में कोरोना के 26 नए मामले सामने आए हैं। अब संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 341 हो गई है। मुंबई में कोरोना पीड़ित व्यक्ति की मौत हो गई है वह मधुमेह का रोगी था। वहीं, बिहार में भी एक कोरोना मरीज की किटनी फैल होने से मौत हो गई। इटली में फंसे 263 भारतीय छात्र देश पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर देश में जनता कर्फ्यू जारी है।
बिहार में कोरोना पीड़ित व्यक्ति की किडनी फेल होने के कारण मौत, एक महिला संक्रमित
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमित एक व्यक्ति की किडनी फेल होने के कारण रविवार को मौत हो गई। वह मुंगेर का रहने वाला था और कल पटना के एम्स में उनका निधन हो गया। व्यक्ति ने कतर की यात्रा की थी। पटना एम्स के डॉ प्रभात कुमार सिंह ने यहा जानकारी दी। वहीं एक महिला संक्रमित पाई गई है। पटना के एम्स में महिला का इलाज जारी है।
देश में 341 हुई कोरोना संक्रमितों की संख्या
भारत में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 341 हो गई है। आज 26 नए मामले सामने आए हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की तरफ से यह जानकारी दी गई है।

महाराष्ट्र में संक्रमित मरीजों की संख्या 74 हुई
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 74 (6 मुंबई और 4 पुणे) हो गई है। शनिवार शाम से अबतक 10 नए मामले सामने आए हैं। वहीं दो लोगों की मौत हो चुकी है।

मुंबई में कोरोना पीड़ित व्यक्ति की मौत, मधुमेह का था रोगी
मुंबई के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 63 साल के कोविड-19 के एक मरीज ने बीती रात बीमारी के चलते दम तोड़ दिया। कोरोना वायरस के पॉजिटिव पाया गए रोगी को मधुमेह, उच्च रक्तचाप और इस्केमिक हृदय रोग जैसी बीमारियां थीं।
 
भारत में 324 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या
भारत में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 324 हो गई है। आज देश में आठ नए मामले सामने आए हैं। इनमें 283 भारतीय और 41 विदेशी शामिल हैं। वहीं, 24 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं जबकि चार लोगों की मौत हुई है।

इटली से भारत पहुंचे 263 भारतीय छात्र
इटली के रोम से उड़ान भरने वाले 263 भारतीय छात्रों को लेकर विशेष एयर इंडिया की उड़ान दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंच गई है।

जनता कर्फ्यू में पीएम मोदी द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों का पालन करें: जेपी नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज हमें एकजुट होकर कोविड-19 संक्रमण के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई लड़ने की जरूरत है। 'जनता कर्फ्यू' लोगों के स्वास्थ्य के लिए लोगों द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम है। मैं आप सभी से निवेदन करता हूं कि जनता कर्फ्यू के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों का पालन करें।

इटली से भारत के लिए रवाना हुए 263 भारतीय
इटली में भारत का दूतावास ने कहा कि ईरान में फंसे 263 भारतीय छात्रों को रोम से लाने के लिए विशेष एयर इंडिया की उड़ान भारत के लिए रवाना हो गई है। 

असम कोरोना से पूरी तरह महफूज
असम के मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि चार साल का बच्चा जो कोविड 19 संदिग्ध था उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। असम में अभी तक कोई भी कोरोनो का पॉजिटिव केस नहीं है।

राजस्थान में 31 मार्च तक पूर्ण लॉकडाउन, केवल जरूरी सेवाओं को छूट
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को 31 मार्च तक के लिए आवश्यक सेवाओं को छोड़कर राज्य में पूर्ण लॉकडाउन का निर्देश दिया। कोरोना पर अंकुश पाने के लिए 22 मार्च से 31 मार्च तक जरूरी सेवाओं और मेडिकल सेवाओं को छोड़कर ‘पूर्ण लॉकडाउन’ होगा। गहलोत ने शीर्ष अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालय, मॉल फैक्टरियां, सार्वजनिक परिवहन आदि इस दौरान बंद रहेंगे।
और नया पुराने