कोरानावायरस : इटली से लाए गए 218 नागरिकों को आईटीबीपी कैंप में रखा गया

नई दिल्लीः कोरोनावायरस प्रभावित देश इटली के मिलान से लाए गए कुल 218 लोगों को राष्ट्रीय राजधानी के आईटीबीपी क्वारेंटाइन सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है. ये लोग रविवार सुबह यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचे थे. इटली से लाए गए लोगों को पश्चिमी दिल्ली के छावला में बने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी)केंद्र तक बस में लाया गया. सुबह करीब 10 बजे दिल्ली पहुंचने के बाद हवाईअड्डे पर उनकी प्राथमिक मेडिकल जांच की गई, उनके सामान को सेनिटाइज किया गया.
इटली से लाए गए 218 भारतीयों में मिलान में पढ़ने वाले 211 छात्र शामिल हैं. एक अधिकारी ने कहा कि इन सभी को आईटीबीपी के क्वारेंटाइन सेंटर में अगले 14 दिनों के लिए कड़ी चिकित्सा निगरानी में रखा जाएगा. इससे पहले सुबह विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने ट्वीट कर जानकारी दी थी, “दिल्ली में मिलान से आए 211 छात्र समेत 218 भारतीय यहां पहुंचे हैं. इन सभी को 14 दिन तक आइसोलेशन में रखा जाएगा.
भारत सरकार हर भारतीय नागरिक तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है. हम इटली सरकार की उनके सहयोग के लिए सराहना करते हैं.” कोरोना प्रभावित मिलान में फंसे लोगों को निकालने के लिए सरकार ने विशेष विमान भेजा था. इटली में भारत के दूतावास ने रविवार को ट्वीट किया, “मिलान से 211 छात्र और 7 अन्य नागरिक एयर इंडिया के विमान से रवाना हुए हैं. उन सभी को धन्यवाद, जिन्होंने इस मुश्किल समय में मदद की.
एयर इंडिया की टीम और इटली के अधिकारियों को विशेष तौर पर धन्यवाद. उत्तर इटली में हम सभी भारतीयों की सुरक्षा के लिए काम करते रहेंगे.” जिसके जबाव में विदेश मंत्री ने भारत के महावाणिज्य दूत बिनॉय जॉर्ज को धन्यवाद देते हुए ट्वीट किया, “धन्यवाद, जॉर्ज बिनॉय, ऐसा अच्छा काम आगे भी जारी रखें.” इस विशेष विमान ने शनिवार दोपहर को नई दिल्ली से उड़ान भरी थी.
और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar