शाहीनबाग का प्रदर्शनकारी कोरोना से ग्रस्त, कहा 1 महीने से नहीं गया धरनास्थल

नई दिल्ली : शाहीनबाग में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ जारी प्रदर्शन से जुड़े एक प्रदर्शनकारी में कोरोना वायरस
 की पुष्टि हुई है। जहांगीरपुरी निवासी इस शख्स की बहन इसी महीने सऊदी अरब से आई है, जो संक्रमित पाई गई है। प्रदर्शनकारी तक संक्रमण उसकी बहन से ही फैला है। यह प्रदर्शनकारी सीएए के खिलाफ पिछले दिनों शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुआ था।
इस कोरोनाग्रस्त प्रदर्शनकारी ने कहा, "मेरी बहन इसी महीने (मार्च) में सऊदी अरब से लौटी है। वह उत्तर पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके में रहती है। बहन के सऊदी अरब से लौटने के उपरांत मैं और मेरी मां उससे मिलने 10 मार्च को उसके घर गए थे।"
बहन के कोरोनावायरस से ग्रस्त पाए जाने के बाद प्रदर्शनकारी और उसकी मां को भी एहतियातन दिल्ली गेट स्थित लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया। अब इन दोनों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
बहन से मुलाकत के बाद कोरोना पॉजिटिव हुआ प्रदर्शनकारी
कोरोनाग्रस्त प्रदर्शनकारी ने कहा, "मैं नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ अपना समर्थन जताने शाहीनबाग गया था।" प्रदर्शनकारी के इस दावे ने शाहीन बाग में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। हालांकि इस व्यक्ति का कहना है, "मैं नौ फरवरी को पहली और आखिरी बार शाहीनबाग में प्रदर्शन के लिए गया था, जबकि मेरी बहन मार्च महीने में सऊदी अरब से लौटी है। अपनी बहन से मुलाकात के बाद ही मैं कोरोनावायरस की चपेट में आया हूं।"
पीड़ित बोला- एक महीने से नहीं गया धरनास्थल
व्यक्ति के मुताबिक, वह नौ फरवरी के बाद दोबारा कभी शाहीनबाग नहीं गया। हालांकि इस तथ्य की उसके अलावा किसी और स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वह किस-किस दिन नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ अपना विरोध जताने शाहीनबाग गया था।
और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar