देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, प्रियंका समेत कई दिग्गज नेता मौजूद

नई दिल्ली : देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस कार्यसमिति ने शनिवार को बैठक बुलाई। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक अभी पार्टी मुख्यालय में चल रही है। बैठक में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी वाड्रा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पी चिदंबरम, गुलाम नबी आजाद उपस्थित हैं। सूत्रों के मुताबिक बैठक में दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारियों, जेएनयू में हिंसा, एनआरसी और सीएए के मुद्दे पर चर्चा हो सकती है।
कांग्रेस ने छात्रों के खिलाफ हिंसा और घटना पर चर्चा करने के लिए संसद एनेक्सी में 13 जनवरी को विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है। उससे पहले यह बैठक अहम मानी जा रही है। इस बैठक में 13 जनवरी को होने वाली विपक्षी दलों की बैठक की रणनीति पर चर्चा होगी। कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) जो 10 जनवरी से पूरे देश में लागू हो गया है, पर चर्चा करेगा और इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगा। पार्टी ने पहले ही विरोध का समर्थन किया है और प्रदर्शनों के साथ एकजुटता दिखाई है, जो छात्र संगठनों द्वारा किए जा रहे हैं। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी पहले ही जेएनयू हिंसा की निंदा कर चुकी हैं। सोनिया गांधी ने अपने बयान में रविवार (5 जनवरी) को हुई जेएनयू हिंसा की न्यायिक जांच की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि पूरी पार्टी छात्रों के साथ एकजुटता के साथ खड़ी है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने