भोपाल में पुलिस पर पथराव, सीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है. भोपाल में पुलिस टीम पर उस समय पत्थरबाजी की गई, जब टीम एक जमीनी विवाद सुलझाने पहुंची थी. इसमें सीएसपी समेत कई पुलिसवाले घायल हो गए. सीएसपी भूपेंद्र सिंह को गम्भीर चोट आई है, जिसके चलते उनको हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.

यह घटना भोपाल के त्रिलंगा इलाके की एक रेलवे कॉलोनी की है. करीब 100 से ज्यादा मकानों वाली इस कॉलोनी में एक खाली प्लॉट पर दुकानों के निर्माण को लेकर पिछले कुछ समय से कॉलोनीवासियों और सब्जी फॉर्म गांव के ग्रामीणों के बीच विवाद चल रहा था. बुधवार को सब्ज़ी फॉर्म गांव के करीब 200 लोगों का झुंड कॉलोनी पहुंचा और यहां बनी दूकानों के शटर तोड़ दिए गए.

इसके बाद स्थानीय लोग भी ग्रामीणों के खिलाफ उतर आए. जब इस घटना की जानकारी पुलिस को मिली, तो सीएसपी भूपेंद्र सिंह शाहपुरा थाने की पुलिस बल को लेकर विवाद वाले स्थल पर पहुंच गए और लोगों को समझाने की कोशिश करने लगे. इसी बीच भीड़ में से किसी ने पुलिस की ओर पत्थर उछाल दिया. इसके बाद पुलिस ने लोगों को खदेड़ना शुरू कर दिया. इससे लोग भड़क गए और पुलिस पर पथराव कर दिया.

इस घटना में कई पुलिसकर्मियों को चोट आई. वहीं सीएसपी भूपेंद्र सिंह को गम्भीर चोट के चलते नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक फिलहाल इलाके में हालात पूरी तरह काबू में है. वहीं भीड़ में शामिल और पत्थरबाजी करने वाले लोगों की पहचान कर ली गई है. जल्द ही इनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar