अदिति सिंह बोलीं- राहुल गांधी मेरे भाई, शादी की अफवाह फैलाने वालों पर करूंगी कार्रवाई

रायबरेली की विधायक और इलाके के बाहुबली नेता अखिलेश सिंह की बेटी अदिति सिंह ने सोमवार शाम ट्वीट कर राहुल गांधी के साथ सगाई की खबरों का खंडन किया है. उन्होंने ये भी कहा कि राहुल उनके भाई जैसे हैं, वह उन्हें राखी बांधती हैं. राहुल के साथ शादी की खबरों को अफवाह बताते हुए अदिति सिंह ने कहा कि यह कुछ लोगों की शैतानी हरकत है. वो अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कार्यवाई करेंगी.
अदिति सिंह ने कहा कि उनके बारे में यह अफवाह कर्नाटक चुनाव को देखते हुए फैलाई जा रही है, जिससे पार्टी और उनके नेता को बदनाम किया जा सके. बता दें कि सोशल मीडिया पर अदिति सिंह के परिवार और सोनिया गांधी, राहुल गांधी के साथ कई फोटो वायरल हुए. जिसमें लिखा गया था यह सगाई तय होने के बाद की तस्वीर है.

दरअसल, अदिति सिंह का परिवार हाल में ही सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिलने 10 जनपथ गया था. जहां राहुल और सोनिया के साथ परिवार की तस्वीर सामने आई थी. इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की सगाई की तस्वीर कह कर फैलाया गया. अदिति सिंह की सफाई के बाद अब सोशल मीडिया पर चल रही उनकी शादी की अफवाह थमने की उम्मीद है.

हालांकि अदिति सिंह का ट्विटर अकाउंट अबतक वेरिफाइड नहीं है, लेकिन ट्विटर हैंडल अदिति सिंह का ही माना जा रहा है. बता दें कि हाल में रायबरेली के बड़े कांग्रेस नेता दिनेश प्रताप सिंह पार्टी का दामन छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं.  जिसके बाद कांग्रेस पार्टी के एमएलसी दीपक सिंह ने उनकी सदस्यता को खारिज करने का नोटिस विधान परिषद में रखा है.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar